
कमिश्नर तथा कलेक्टर ने त्योंथर के पचामा और राजापुर में बाढ़ पीड़ितों से की भेंट
सर्वे का कार्य जल्दी पूरा करके राहत राशि का वितरण करें – कमिश्नर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह तथा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने त्योंथर में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। कमिश्नर और कलेक्टर ने त्योंथर के पचामा तथा राजापुर गांव में बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट की और बाढ़ से हुई हानि का जायजा लिया। पचामा में अधिकारियों ने बसोरन बस्ती के कई घरों में जाकर बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना दी।
कमिश्नर ने कहा कि एसडीएम और तहसीलदार बाढ़ से हुई हानि का सर्वे तत्काल पूरा करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त दल तैनात करें। समय सीमा में और पूरी संवेदनशीलता से सर्वे कार्य पूरा करें। सर्वे के दौरान मकान घरेलू सामग्री तथा फसलों को हुई हानि का आकलन अवश्य करें। बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। कमिश्नर ने बसोरन बस्ती में बाढ़ पीड़ितों से चर्चा करते हुए कहा कि जो व्यक्ति पात्र हैं उन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। एसडीएम धारणाधिकार योजना से पात्र व्यक्तियों को पट्टे जारी करके नगर पंचायत के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों को आवास योजना का लाभ दें। बसोरन बस्ती में कमिश्नर और कलेक्टर ने गुजरतिया बाई और हरिलाल के घर जाकर उन्हें सांत्वना दी। कमिश्नर और कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। लोगों ने बताया कि उन्हें दो माह का खाद्यान्न और नमक दिया जा रहा है। खाद्यान्न वितरण संतोषजनक पाया गया।
इसके बाद कमिश्नर और कलेक्टर ने टमस नदी के किनारे बसे राजापुर गांव के मोहल्ले का भ्रमण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित तहसीलदार को बाढ़ से प्रभावित होने वाले छह घरों के निवासियों के लिए पृथक स्थान पर आवासीय पट्टे प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि सर्वे दल बाढ़ प्रभावित हर व्यक्ति के घर जाकर संवेदनशीलता से सर्वे करें। शासन के मापदंड के अनुसार सभी को संवेदनशीलता से राहत राशि का वितरण करें। राहत राशि के वितरण में देर न करें। कमिश्नर और कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा कर बाढ़ राहत और सर्वे के संबंध में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के समय एसडीएम राकेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार राजेश तिवारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जवा में भी हुई हानि का लिया जायजा – कमिश्नर और कलेक्टर ने जवा तहसील में ग्राम भनिगवां में बजरा टोला में अतिवृष्टि से प्रभावित घरों का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित एसडीएम पीयूष भट्ट ने बताया कि भनिगवां में बाढ़ का प्रकोप नहीं था। लगातार वर्षा के कारण पुरानी गढ़ी की दीवार गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। गांव का सर्वे पूरा हो गया है। इसमें 31 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। कमिश्नर ने एसडीएम को पूरी जवा तहसील में बाढ़ और अतिवर्षा से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे पूरा कराकर पीड़ितों को राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए।



