दिल्लीराज्य

पीएम स्वनिधि से 35 लाख महिलाओं को मिला कारोबार बढ़ाने का अवसर: मोदी

पीएम स्वनिधि से 35 लाख महिलाओं को मिला कारोबार बढ़ाने का अवसर: मोदी

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान नई दिल्ली

नई दिल्ली:। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत, स्वच्छता, प्राकृतिक खेती, अंतरिक्ष विज्ञान और ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित कई विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना महिला सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के करीब 46 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपना कारोबार आगे बढ़ा रही हैं।

 

प्रधानमंत्री ने गाजियाबाद की बबिता शर्मा और बेंगलुरु की टीएस निन्गम्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि जब किसी महिला का कारोबार आगे बढ़ता है तो पूरे परिवार का भविष्य मजबूत होता है। बच्चों की शिक्षा और परिवार की जरूरतें बेहतर ढंग से पूरी होती हैं तथा महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

नशामुक्त भारत के लिए युवाओं से जुड़ने की अपील

मोदी ने कहा कि ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान देशभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन का संदेश देने वाले गीत और प्रभावी नारे तैयार करने की अपील की। कंटेंट क्रिएटर्स से भी विभिन्न भारतीय भाषाओं में जागरूकता सामग्री तैयार करने का आग्रह किया।

 

स्वच्छता और पर्यावरण पर जोर

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब स्वच्छता लोगों का अपना संकल्प बन जाती है तो किसी स्थान की पहचान बदल जाती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पटवाई के आकाश और रोहन के स्वच्छता प्रयासों का उल्लेख किया। अमरनाथ यात्रा के दौरान 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र कर प्रसंस्कृत किए जाने की जानकारी भी साझा की।

 

छात्राओं को अंतरिक्ष तकनीक से जोड़ रहा मिशन शक्तिसैट

 

मोदी ने कहा कि ‘मिशन शक्तिसैट’ के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को उपग्रह तकनीक और नवाचार सीखने का अवसर मिल रहा है। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में मिशन शक्तिसैट के दूसरे चरण की शुरुआत का भी उन्होंने उल्लेख किया।

 

प्रधानमंत्री ने किसानों द्वारा एवोकाडो की खेती से अतिरिक्त आय अर्जित करने के उदाहरण साझा किए। उन्होंने मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि की भारत के इतिहास से जुड़ी वेबसाइट का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से अलग-अलग वर्षों में भारत के विभिन्न हिस्सों में शासन करने वाले राजाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 

वोकल फॉर लोकल’ बनने की अपील

 

अगस्त में मनाए गए राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस सहित विभिन्न अवसरों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशभक्ति की भावना को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं।

 

आगामी जन्माष्टमी, विश्वकर्मा पूजा और दीपावली के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ केवल मिट्टी के दीये खरीदना नहीं, बल्कि भारत में बने उत्पादों पर गर्व करना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button