
रिवॉल्वर की सफाई के दौरान गोली चलने से SHO की मौत, सीने के आर-पार हुई गोली
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :कुरू क्षेत्र हरियाणा
कुरुक्षेत्र/अंबाला,। अंबाला के नग्गल थाने के प्रभारी सब इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह (50) की शनिवार को गोली लगने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हादसा मान रही है। आशंका है कि सरकारी रिवॉल्वर की सफाई के दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चली। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गोली बेहद नजदीक से चली और कर्मवीर सिंह के सीने को चीरते हुए आर-पार निकल गई। गोली लगने के बाद उन्हें नागरिक अस्पताल अंबाला सिटी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां एक्स-रे में शरीर के अंदर गोली नहीं मिली। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फोरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम
रविवार को फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉक्टरों के बोर्ड की मौजूदगी में कर्मवीर सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच के बाद गोली चलने की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मुताबिक, घटना से पहले कर्मवीर सिंह ने थाने के मुंशी से सरकारी रिवॉल्वर की सफाई को लेकर बातचीत की थी। इसके बाद गोली चलने की घटना हुई। पुलिस फिलहाल हादसे की आशंका जता रही है, लेकिन जांच जारी है।
28 साल तक पुलिस सेवा में रहे
कर्मवीर सिंह 25 नवंबर 1998 को हरियाणा पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती हुए थे। करीब 28 वर्ष की सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य किया और पदोन्नति के बाद सब इंस्पेक्टर बने। उनकी अधिकांश सेवा अंबाला जिले में रही। वह करीब दो वर्षों से नग्गल थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे।
इसी वर्ष गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था। उनकी अचानक मौत से परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है। उनके परिवार में पत्नी, बेटा सागर और बेटी रवीना हैं।



