
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने प्राथमिक विद्यालय असेनी एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर का किया आकस्मिक निरीक्षण
विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, स्वच्छता एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने विकास खंड सहार के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय असेनी तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालयों में संचालित शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी शैक्षिक प्रगति एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे तथा शिक्षकों को विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में है। शिक्षक नियमित रूप से बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन करते हुए कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दें तथा नवाचारपूर्ण एवं रुचिकर शिक्षण पद्धतियों का प्रयोग करें।
उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण से विद्यालयों में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से वार्ता कर विद्यालय की गतिविधियों एवं सुविधाओं आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उक्त के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर परिसर स्थित आधार पंजीकरण/संशोधन केंद्र का निरीक्षण कर प्रक्रिया आदि की जानकारी प्राप्त करते हुए जन सामान्य वार्ता कर संबंधित अभिलेखों और शुल्क आदि की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के अध्यापक/ अध्यापिका, छात्र – छात्राओं सहित अभिभावक एवं आमजन आदि उपस्थित रहे।


