
‘विदेशी आक्रांता के नाम पर अब यूपी में कोई आयोजन नहीं’ : योगी
बहराइच में सालार मसूद पर मुख्यमंत्री का निशाना, बोले- पहले होते थे उर्स और मेले
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान बहराइच उत्तर प्रदेश
बहराइच, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बहराइच में सालार मसूद का नाम लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करीब एक हजार वर्ष पहले महाराजा सुहेलदेव ने इसी धरती पर विदेशी आक्रांता सालार मसूद को पराजित किया था। इसके बावजूद लंबे समय तक महाराजा सुहेलदेव की विजयगाथा को भुलाकर विदेशी आक्रांता के नाम पर उर्स और मेले आयोजित किए जाते रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहराइच में किसी विदेशी आक्रांता के नाम पर कोई आयोजन नहीं होता, बल्कि महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनकर तैयार है। अब उनकी विजयगाथा को सम्मान के साथ लोगों के सामने रखा जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड रेलखंड के ब्रॉडगेज एवं विद्युतीकरण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी वर्चुअली जुड़े। करीब 730 करोड़ रुपये की लागत से 56 किलोमीटर लंबे रेलखंड को ब्रॉडगेज नेटवर्क से जोड़ा गया है। नई रेल सेवा के शुरू होने से बहराइच और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और कृषि को बढ़ावा मिलेगा। नेपालगंज रोड को वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों के लिए दो मिनट का मौन रखकर हुई। योगी ने नेपाल और भारत में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोनों देशों के साझा सांस्कृतिक संबंधों को भी रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर इंसेफेलाइटिस को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मासूम बच्चों की मौत को छिपाने के लिए बीमारी को ‘अज्ञात बीमारी’ बताया जाता था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बीमारी की जड़ पर काम कर इसका प्रभाव खत्म किया है।



