
वाहन चालकों के लिए अनिवार्य रोड सेफ्टी प्रशिक्षण की मांग
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान नई दिल्ली
नई दिल्ली,बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय मराठी संघ ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर युवा वाहन चालकों के लिए अनिवार्य सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण लागू करने की मांग की है। संघ ने चार पहिया वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने का भी सुझाव दिया है।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद रेखी ने पत्र में कहा कि 18 वर्ष की उम्र में लाइसेंस पाने वाले कुछ युवा अनुभव और परिपक्वता की कमी के कारण तेज गति, स्टंटबाजी और जोखिमपूर्ण ड्राइविंग करते हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार, गलत ओवरटेकिंग, मोबाइल का इस्तेमाल और यातायात नियमों की अनदेखी से गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पत्र में सुझाव दिया गया है कि नया ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले युवाओं के लिए ‘रोड सेफ्टी एवं जिम्मेदार ड्राइविंग’ कार्यशाला अनिवार्य की जाए। इसमें गति नियंत्रण, यातायात नियम, लेन अनुशासन, ओवरटेकिंग, नशे में वाहन चलाने के खतरे और दुर्घटना से बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए।
संघ ने दोपहिया वाहनों के लिए लाइसेंस की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और चार पहिया वाहनों के लिए 21 वर्ष रखने का सुझाव दिया है। साथ ही 18 से 21 वर्ष के युवाओं के लिए विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन अनिवार्य करने की मांग की गई है।
संघ ने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं की स्वतंत्रता सीमित करना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और सुरक्षित चालक बनाना है। ‘सुरक्षित चालक-सुरक्षित सड़क-सुरक्षित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की गई है।



