
उप मुख्यमंत्री बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में कृष्ण जन्मोत्सव में हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में गौ सेवकों के साथ मनाया कृष्ण जन्मोत्सव
गौ सेवा ही धर्म की सबसे बड़ी सेवा है – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान कृष्ण और गौमाता का पूजन किया। उप मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में उपस्थित गौ सेवकों के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। उप मुख्यमंत्री ने कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता की सेवा ही सच्ची धर्म सेवा है। जब हम गौ माता से विमुख होते हैं तभी मानवता पर संकट आता है। बसामन मामा गौ अभ्यारण्य हजारों बेसहारा गायों को आश्रय देने के साथ प्राकृतिक खेती के रूप में विकसित हो रहा है। यहां प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था है। गौ अभ्यारण्य के आसपास के किसानों को लगातार प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुछ दिनों पहले गौ अभ्यारण्य में मलूक पीठाधीश्वर श्री राजेन्द्रदास जी महाराज ने तीन दिनों तक गौ भागवत सुनाई थी। महाराज जी ने गौ अभ्यारण्य में की जा रही गौ सेवा की प्रशंसा की। उप मुख्यमंत्री ने सभी को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बसामन मामा गौ अभ्यारण्य अब आश्रम का रूप ले चुका है। इसमें 9 हजार से अधिक गौवंश की सेवा की जा रही है। रीवा में लक्ष्मणबाग गौशाला में एक हजार गौवंश को आश्रय दिया गया है। हिनौती गौधाम में 20 हजार से अधिक गौवंश को आश्रय देने की व्यवस्था की जा रही है। हमें स्वयं को स्वस्थ रखने तथा भावी पीढ़ी का जीवन बचाने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा। प्राकृतिक खेती का आधार गौपालन और गौ सेवा है। गौ माता के शरीर में देवी-देवताओं का वास होता है। इसके गोबर और गौमूत्र भी इतना पवित्र होता है कि उसका पूजा में उपयोग होता है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया है। प्राकृतिक खेती प्रधानमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी किसान अपने जमीन के 10 से 20 प्रतिशत भाग पर प्राकृतिक खेती के माध्यम से अनाज पैदा करके अपने परिवार के लिए पौष्टिक और निर्मल अनाज की व्यवस्था करें। प्राकृतिक खेती को अपनाने का जन्माष्टमी सबसे शुभ दिन है।
समारोह में पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी ने कहा कि जिस स्थान पर पथरीली और बंजर जमीन थी वहाँ आज 52 एकड़ में हरा-भरा बसामन मामा गौ अभ्यारण्य सुशोभित हो रहा है। यह गौ माता का प्रताप है। इसके निर्माण में कई बाधाएं आईं लेकिन उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों और गौ माता की कृपा से इसका निरंतर विकास हो रहा है। इसके साथ बनाए गए तीन स्टाप डैमो से आसपास के गांवों की पेयजल की समस्या दूर हुई है। समारोह में जिला पंचायत की नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख ने कहा कि यह अभ्यारण्य गौ सेवा का आदर्श केन्द्र है। इसमें 9 हजार से अधिक गौ माता को आश्रय देना बड़ी उपलब्धि है। इसे और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
समारोह में गौ अभ्यारण्य प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा एसडीएम सिरमौर श्रीमती दृष्टि जायसवाल ने कहा कि गौ सेवकों की नि:स्वार्थ सेवा और हम सबके प्रयासों से बसामन मामा गौ अभ्यारण्य का निरंतर विकास हो रहा है। गौ माता की कृपा से यह अभ्यारण्य प्राकृतिक खेती के माडल के रूप में भी तेजी से विकसित हो रहा है। भगवान कृष्ण के निष्काम भाव से कर्म करने की सीख को अपनाकर हम सब अपने कर्तव्य का पालन करें। समारोह में उप संचालक पशुपालन डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरूणेन्द्र शुक्ला, प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत सिरमौर प्राची चौबे तथा अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गौसेवक उपस्थित रहे।


