जिले में अब तक 721.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
जिले में थमा वर्षा का दौर – नदियों का घटा जल स्तर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा जिले में पिछले चार दिनों से वर्षा का जोर बना हुआ था। जिले में 4 सितम्बर को वर्षा का दौर थम गया है। लगभग दस दिनों के बाद सूर्य भगवान के दर्शन हुए। बादलों और धूप की आवाजाही के बीच आम जनजीवन सामान्य हो रहा है। पिछले 24 घंटे से केवल छिटपुट वर्षा से नदियों का जल स्तर लगातार घट रहा है। रीवा में विक्रम पुल पर बीहर नदी खतरे के निशान से 1.5 मीटर नीचे बह रही है। जल स्तर बढ़ने से कुछ बस्तियों में चढ़ा हुआ पानी उतर गया है। त्योंथर में टमस नदी का जल स्तर घटने से त्योंथर-पचामा सड़क खुल गई है। डीह पुल से भी पानी तेजी से उतर रहा है। जिले में 4 सितम्बर को केवल 7.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इस दिन जवा में 18 मिमी और त्योंथर में 14 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जिले में एक जून से अब तक 721.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में तहसील हुजूर में 872.5 मिमी, रायपुर कर्चुलियान में 761.3 मिमी, गुढ़ में 1015 मिमी, सिरमौर में 674.4 मिमी, त्योंथर में 559 मिमी, सेमरिया में 591 मिमी, मनगवां में 497 मिमी और जवा में 799 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में 754.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई थी। रीवा जिले की सामान्य औसत वर्षा 1044.6 मिमी है। जिले के सिंचाई के प्रमुख स्रोत बाणसागर बांध का जल स्तर अधिकतम जल स्तर के नजदीक पहुंच गया है।



