
रतनगवां में में गूंजे श्रीकृष्ण के भजन, भक्तिमय हुआ माहौल
राधाकृष्ण मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर संस्कृति विभाग ने सजाया भक्ति और संस्कृति का रंगमंच, शहडोल की भजन मंडली ने बांधा समां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत रतनगवां स्थित श्री धाकृष्ण मंदिर में आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। शहडोल से विशेष रूप से पहुंची भजन मंडली ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से सराबोर मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। जैसे-जैसे भजनों की स्वर लहरियां मंदिर परिसर में गूंजती गईं, वैसे-वैसे श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगते चले गए। पूरा राधाकृष्ण मंदिर परिसर ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा। देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत का आनंद लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर रतनगवां में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। धार्मिक वातावरण के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, जनपद सीईओ परमानंद तिवारी, तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भी भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागिता की।



