गांव में पहुंचेगा प्रशासन, एक ही छत के नीचे होगा समस्याओं का समाधान”
मुनहाई में लोक कल्याण शिविर, आज12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 7 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत हनुमना अंतर्गत ग्राम पंचायत मुनहाई में लोक कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर में मुनहाई, जड़कुड, नकवार, बीरादेई, पिपराही, सरदमन, हर्रई प्रताप सिंह, बावनगढ़, खोढ़मानी, बलभद्रगढ़, कैलाशपुर, रघुनाथगढ़ ग्राम पंचायतों के ग्रामीणजन अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करेंगे तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही करेंगे। शिविर में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत दर्ज आवेदन, जनसुनवाई से प्राप्त आवेदन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर से पूर्व अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करें। लोक कल्याण शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान, योजनाओं का लाभ और प्रशासन की सेवाएं गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। लोक कल्याण शिविर में मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

