
योजनाओं की समीक्षा में गोवंश संरक्षण और डिजिटल लाइब्रेरी पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, बीबीजीरामजी योजना, गौशाला, प्राकृतिक खेती और डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशालाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने गोवंश को सड़कों पर घूमने से रोकने तथा गौशालाओं में दाना, हरा चारा और भरण-पोषण की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। सभी गौशालाओं को चारागाहों से जोड़ने और चारागाहों में नेपियर घास लगाने के निर्देश दिए। घायल गोवंश मिलने पर 1962 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई।
जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित निर्धन परिवारों को बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य और राशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने 14 से 35 वर्ष के युवाओं को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिलाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और नवीन पुस्तकों को प्राथमिकता देने को कहा गया। SSC, रेलवे, सिविल सर्विसेज सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत विद्यालयों और उनके आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया। विद्यालय परिसरों की साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और स्कूलों तक जाने वाली सड़कों की स्थिति बेहतर रखने पर भी जोर दिया गया।
सामुदायिक शौचालयों के निर्माण के लिए उपयोगी स्थानों का चयन करने के निर्देश दिए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा ऐसे स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार शौचालय बनाने को कहा गया, जहां मेले या बड़े सार्वजनिक आयोजन होते हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण की संख्या के बजाय स्थल की उपयोगिता और कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए।
बीबीजीरामजी योजना के तहत जल संरक्षण से जुड़े कार्यों का ग्राम स्तर पर चिन्हांकन कर जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। वहीं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गौशालाओं को अभियान से जोड़ने तथा गोबर और गोमूत्र से तैयार जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



