
पुणे में सजेगा ‘ग्लोबल गणेश वाट’; 8 देशों के प्रतिभागी जुड़ेंगे गणपति संस्कृति से
गणेश चतुर्थी के वीकेंड पर जे.एम. रोड परिसर में होगा अनोखा सांस्कृतिक खजाना खोज अभियान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : पुणे की समृद्ध गणपति परंपरा के इतिहास, संस्कृति और विरासत को दुनियाभर के लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कृती की ओर से भारत की पहली गणपति सांस्कृतिक खजाना खोज प्रतियोगिता ‘ग्लोबल गणेश वाट’ का आयोजन किया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के वीकेंड पर 19 और 20 सितंबर को पुणे में यह अनोखी प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह जानकारी संस्कृती संस्था के निसर्ग उदेशी ने पत्रकार परिषद में दी।
इस प्रतियोगिता में 8 देशों के प्रतिभागी एक साथ पुणे की गणपति संस्कृति से जुड़ेंगे। परिवार, विद्यार्थी और नागरिक श्रद्धा, इतिहास तथा परंपरा पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक संकेतों को सुलझाते हुए जे.एम. रोड के लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र में खजाना खोजेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ और समापन दोनों जे.एम. रोड पर ही होगा।
पुणे से फुकेत तक बनेगा सांस्कृतिक सेतु
‘ग्लोबल गणेश वाट’ का प्रमुख आकर्षण पुणे से फुकेत तक बनने वाला सांस्कृतिक सेतु है। प्रतियोगिता के विजेताओं को परिवार सहित थाईलैंड के फुकेत स्थित श्रीमंत गणपति बाप्पा देवलई की यात्रा का अवसर मिलेगा।
इस पहल के माध्यम से पुणे के दगडूशेठ गणपति मंदिर और फुकेत की गणपति परंपरा को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस आयोजन को फुकेत स्थित श्रीमंत गणपति बाप्पा देवलई के समन्वयक चेतन लोढ़ा का सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
‘पुणेकर NRI एडिशन’ भी होगा खास
‘ग्लोबल गणेश वाट’ का ‘पुणेकर NRI एडिशन’ भी इस वर्ष आयोजित किया जाएगा। सिंगापुर, ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, कतर, मलेशिया और थाईलैंड में रहने वाले पुणेकर NRI परिवार WhatsApp के माध्यम से पुणे में मौजूद अपने परिवार के सदस्यों को रियल टाइम में मार्गदर्शन करेंगे।
इस पहल से दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले पुणेकरों को गणेशोत्सव से जोड़ने के साथ-साथ एक ग्लोबल लीडरबोर्ड भी तैयार किया जाएगा।
इस उपक्रम के लिए निसर्गशाला कैंपसाइट पार्टनर, जबकि मावला बोर्डगेम्स बोर्डगेम पार्टनर है। वहीं डिस्कवर पुणे के माधुर बर्वे खजाना खोज प्रतियोगिता के लिए सांस्कृतिक संकेतों की रचना कर रहे हैं।
पुणे स्थित अनुभवात्मक खजाना खोज कंपनी SansCreatee ने भारत के साथ ही इंडोनेशिया, थाईलैंड, हांगकांग, जर्मनी और अमेरिका में अब तक 32 से अधिक खजाना खोज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है।
‘ग्लोबल गणेश वाट’ के माध्यम से पुणे की समृद्ध गणपति परंपरा को नए और मनोरंजक तरीके से दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।
पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए +91 751 751 0899 पर संपर्क करने अथवा www.sanscreatee.com वेबसाइट पर जाने का आह्वान आयोजकों ने किया है।

