जनपद इटावा में 29 अक्टूबर को होगा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ कृत ‘रश्मिरथी’ नाटक का भव्य मंचन
प्रेक्षागृह, नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स,आलमपुर हौज में अपराह्न 12:30 बजे से आयोजित होगा कार्यक्रम
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन इटावा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ द्वारा रचित प्रसिद्ध काव्य ‘रश्मिरथी’ पर आधारित नाट्य मंचन का आयोजन दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम प्रेक्षागृह, नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स ,आलमपुर हौज में अपराह्न 12:30 बजे से आयोजित होगा।
यह नाट्य मंचन मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा तथा मा० पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह जी के मार्गदर्शन में अखण्ड भारत के स्वतंत्रता वीर नायकों पर आधारित नाट्य मंचन श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय साहित्य, संस्कृति एवं गौरवशाली ऐतिहासिक परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाना तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र के वीर नायकों के आदर्शों एवं प्रेरणादायी प्रसंगों से परिचित कराना है।
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कालजयी रचना ‘रश्मिरथी’ महाभारत के महान योद्धा कर्ण के जीवन, संघर्ष, स्वाभिमान, दानशीलता और वीरता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। नाटक के माध्यम से दर्शकों को कर्ण के व्यक्तित्व, उनके जीवन के संघर्षों तथा मानवीय मूल्यों से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा।
इस नाट्य प्रस्तुति के निर्देशक श्री मिथिलेश कुमार सिंह हैं। कार्यक्रम में कला, साहित्य एवं संस्कृति में रुचि रखने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा जनपदवासियों से सहभागिता की अपेक्षा की गई है।
जिला प्रशासन इटावा की ओर से जनपद के समस्त नागरिकों को उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित होकर नाट्य मंचन का आनंद लेने हेतु सादर आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन जनपद में सांस्कृतिक चेतना के प्रसार तथा भारतीय साहित्यिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



