
2032 रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए पुणे का रेस्की, UCI टीम ने परखी तैयारियां
22 सितंबर को कनाडा के मॉन्ट्रियल में महाराष्ट्र पेश करेगा पुणे की दावेदारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए पुणे की दावेदारी को लेकर यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनेल (UCI) की तीन सदस्यीय टीम ने 4 से 6 सितंबर तक पुणे का तीन दिवसीय दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। टीम के साथ साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
UCI टीम ने प्रस्तावित रेस इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रतियोगिता स्थलों, स्टार्ट और फिनिश प्वाइंट, रेस रूट, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, दर्शक प्रबंधन, तकनीकी जरूरतों और आयोजन की संचालन क्षमता का आकलन किया।
UCI प्रतिनिधिमंडल में UCI स्पोर्ट्स डायरेक्टर पीटर वैन डेन एबेले, UCI स्ट्रैटेजिक स्पोर्ट्स मैनेजर मैथ्यू नाइट और UCI वर्ल्ड चैंपियनशिप अवॉर्ड्स एंड प्रोजेक्ट्स कोऑर्डिनेटर गिलॉम रोमियर शामिल रहे। वहीं CFI की टीम में महासचिव मनिंदर पाल सिंह, CEO प्रवीण पाटिल, टेक्निकल डायरेक्टर अजीत सिंह, हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर धर्मेंद्र लांबा समेत अन्य अधिकारी शामिल थे।
दौरे के दौरान टीम ने बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया और विभिन्न चैंपियनशिप स्पर्धाओं के संभावित स्टार्ट और फिनिश स्थानों का जायजा लिया। इसके अलावा सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा कर रूट प्लानिंग और आयोजन संचालन की संभावनाओं की समीक्षा की गई।
UCI टीम ने JW Marriott Pune, The Ritz-Carlton, Pune सहित अन्य प्रस्तावित होटलों में खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी आकलन किया।
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने UCI प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान CFI और पुणे जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल को पुणे ग्रैंड टूर का संचालनात्मक अनुभव भी कराया गया। इसके तहत ग्रैंड टूर के पहले सीजन में तैयार और इस्तेमाल किए गए रेस रूट को वास्तविक रेस काफिले और संचालन व्यवस्था के जरिए प्रदर्शित किया गया।
पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने कहा कि UCI अधिकारियों के दौरे से महाराष्ट्र में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पुणे ग्रैंड टूर से मिले अनुभव, राज्य के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासनिक तैयारियों के आधार पर महाराष्ट्र को 2032 चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी पर भरोसा है।
22 सितंबर को मॉन्ट्रियल में पेश होगी दावेदारी
2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए महाराष्ट्र का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस महीने कनाडा के मॉन्ट्रियल जाएगा। 22 सितंबर को पुणे की आधिकारिक दावेदारी पेश की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में पुणे जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी, स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव रंजीत सिंह देओल, खेल एवं युवा सेवा आयुक्त दीपक सिंगला तथा उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री के सचिव राजेश देशमुख शामिल होंगे।
प्रतिनिधिमंडल मॉन्ट्रियल में पुणे की मेजबानी की योजना, प्रस्तावित इंफ्रास्ट्रक्चर, आयोजन क्षमता, संचालन संबंधी तैयारियों और महाराष्ट्र सरकार के समर्थन को प्रस्तुत करेगा।
2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप के मेजबान शहर और देश की घोषणा 23 सितंबर को होने वाली UCI कांग्रेस के दौरान होने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र की यह दावेदारी पुणे को वैश्विक साइक्लिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के साथ-साथ भारत में अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने और क्षेत्र में खेल, इंफ्रास्ट्रक्चर व आर्थिक विकास की दीर्घकालिक संभावनाएं तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



