
इटावा पुलिस ने बरामद किए 100 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाए
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। इटावा पुलिस की सर्विलांस और एसओजी टीम ने अथक प्रयास कर लोगों के गुम हुए विभिन्न कंपनियों के 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल गुम होने के बाद लोगों ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल (संचार साथी), UPCOP ऐप पर शिकायत तथा एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिए थे। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामद करने के निर्देश दिए थे।
टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 100 मोबाइल बरामद किए। इनमें वीवो के 27, ओप्पो के 16, रियलमी के 16, सैमसंग के 14, रेडमी के 7, मोटोरोला के 6, इनफिनिक्स, पोको और वनप्लस के 3-3, आईक्यू और लावा के 2-2 तथा टेक्नो का एक मोबाइल शामिल है।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए इटावा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया। कार्रवाई में सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक बेचन कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।


