
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मऊगंज में जनविश्वास शिविर आयोजित हुआ शिविर
विधायक मऊगंज एवं कलेक्टर ने मौके पर किया 149 प्रकरणों का निराकरण
शिविर में विधायक मऊगंज एवं कलेक्टर ने शिविर में किया संवाद, शासकीय संस्थान का किया निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप शासन को आमजन के और अधिक निकट पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नगर परिषद मऊगंज में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन शिविर में उपस्थित रहे इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जनसुनवाई, विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार सुनवाई की गई। शिविर में कुल 253 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पात्र पाए गए 149 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में विधायक मऊगंज श्री पटेल ने कहा कि मऊगंज जिले में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिले में कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण कार्य जारी है, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे। जिले में संदीपनि स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा पद्धति के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई के माध्यम से उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
उद्यमियों से संवाद, उद्योग विस्तार में प्रशासन देगा सहयोग – विधायक प्रदीप पटेल
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर के दौरान विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने स्थानीय उद्यमियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों और सुझावों की जानकारी ली। उद्यमी महेंद्र सिंह द्वारा हीरो एजेंसी, उद्यमी सुखवंत मिश्रा द्वारा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा अरविंद कुशवाहा द्वारा फेंसिंग उद्योग संचालित किए जाने की जानकारी दी गई। उद्यमियों से चर्चा करते हुए विधायक श्री पटेल ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है। कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि उद्योगों के विस्तार के लिए आवश्यक विभागीय अनुमतियों एवं प्रक्रियाओं में प्रशासन द्वारा समन्वय कर सहयोग प्रदान किया जाएगा।
विधायक एवं कलेक्टर ने नगर परिषद कार्यालय का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विधायक मऊगंज श्री पटेल एवं कलेक्टर श्री जैन ने नगर परिषद मऊगंज कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विधायक श्री पटेल कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों तथा शासकीय कार्य सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं।
इसी क्रम में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मऊगंज थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, परिसर एवं पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा पुलिस सेवाओं को संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की भावना के अनुरूप शासकीय संस्थानों में नागरिकों को बेहतर सेवाएं, सुगम व्यवस्थाएं एवं त्वरित समाधान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में विधायक मऊगंज श्री पटेल एवं कलेक्टर द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर ग्राम बासी टोला, ग्राम पंचायत फूल हरचंद सिंह के हितग्राही श्री पवन कुमार परौहा, पिता श्रीनिवास परौहा एवं श्री अमरपाल सिंह, पिता श्री मणिराज सिंह को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ट्राईसाइकिल मिलने से हितग्राहियों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी।इस अवसर पर ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए नशा मुक्ति समाज बनाने में सहयोग की अपेक्षा की गई । शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष श्री बृजवासी पटेल, सभी वार्डों के पार्षद, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, एसडीएम मऊगंज श्रीमती रश्मि चतुर्वेदी, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।