
नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। थाना बलरई पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को थाना बलरई क्षेत्र के एक निवासी ने अपनी करीब नौ वर्षीय बालिका के साथ गलत कार्य किए जाने की सूचना पुलिस को दी थी। शिकायत के आधार पर थाना बलरई में मु0अ0सं0 38/2026, धारा 65(2), 351(3) बीएनएस तथा 5M/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को थाना बलरई पुलिस ब्रम्हाणी देवी चौराहा पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी ब्रम्हाणी मंदिर से पीहरपुर खारजा नहर पुल होते हुए यमुना नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी की पहचान अजब सिंह पुत्र दाताराम, निवासी ग्राम गढ़ी रामधन, थाना बलरई, जनपद इटावा, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना बलरई में मु0अ0सं0 39/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी: 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना बलरई पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सहित थाना बलरई पुलिसकर्मी शामिल रहे।



