बिहारसीतामढ़ी

डीएम के 25 अगस्त के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन, सदर अस्पताल में पांच ऑपरेशन थिएटरों को ऑपरेशनलाइज करने की तैयारी पूरी

डीएम के 25 अगस्त के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन, सदर अस्पताल में पांच ऑपरेशन थिएटरों को ऑपरेशनलाइज करने की तैयारी पूरी

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुलतानिया द्वारा आज सदर अस्पताल, सीतामढ़ी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 25 अगस्त 2026 को अपने पूर्व निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर किए गए कार्यों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

 

विदित हो कि 25 अगस्त 2026 को सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों की सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यों को 15 सितंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया था। विशेष रूप से सदर अस्पताल में उपलब्ध ऑपरेशन थिएटरों को व्यवस्थित करते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से सुचारू एवं प्रभावी रूप से ऑपरेशनलाइज करने का निर्देश दिया गया था।

 

जिला पदाधिकारी के निर्देश के अनुरूप सदर अस्पताल में कुल पांच महत्वपूर्ण ऑपरेशन थिएटरों—Emergency OT, Eye OT, Maternal OT, Orthopaedic OT एवं General OT—को व्यवस्थित एवं ऑपरेशनलाइज करने की दिशा में आवश्यक कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा किया गया है। जिला पदाधिकारी ने इन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए शेष आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराते हुए सभी सुविधाओं को यथाशीघ्र मरीजों के लिए प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

 

इसके अतिरिक्त, मरीजों की सुविधा एवं अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए X-Ray सेवा को प्रथम तल से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट करने का निर्देश भी दिया गया था, जिसका अनुपालन किया गया है। OPD में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने दो अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया, जिसमें विशेष रूप से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया गया।

 

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने भवनों के आवश्यक रंग-रोगन, छोटे-मोटे मरम्मति कार्य, टूटे हुए स्लैब की मरम्मति, नए RO की व्यवस्था, CCTV, इंटरकॉम एवं Public Address System को दुरुस्त करने सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

 

जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। सफाई एजेंसी में बदलाव के बाद अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था में आए सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लागू की गई Referral Policy के कारण मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल में भीड़ प्रबंधन को मजबूत किया जाना आवश्यक है। इसके लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से पूर्व सैनिकों की सेवाएं लेने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया।

 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा रोगी कल्याण समिति (RKS) के शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता भी की गई। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, आधारभूत संरचना तथा अन्य प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त करते हुए सभी चिन्हित समस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए शीघ्र ही एक विस्तृत बैठक आयोजित कर आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी।

 

जिला पदाधिकारी ने कहा कि समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने निर्देश दिया कि तैयार की गई सुविधाओं को केवल संरचनात्मक रूप से पूरा करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें पूरी क्षमता के साथ मरीजों के हित में उपयोग में लाया जाए, ताकि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

 

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव, डीएस डॉ. मनोज कुमार, अस्पताल प्रबंधक विजय झा, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, रोगी कल्याण समिति के सदस्य दिनकर पंडित, संदीप रॉय, हरिशंकर पासवान, विजय कुमार, कंचन पटेल, मिनी रॉय, पीरामल फाउंडेशन से प्रभाकर कुमार, बिकेश कुमार, अकरम खान एवं रितु कुमारी सहित अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button