
लाभार्थियों के घर पहुंचा ‘आशीर्वाद का दीप’
समाज कल्याण विभाग की सेवा पहल, बुजुर्गों से संवाद कर जानी समस्याएं
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महाराष्ट्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत पुणे जिले में समाज कल्याण विभाग की ओर से विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीप’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ उपक्रम के तहत विभिन्न स्थानों का दौरा किया गया।
समाज कल्याण विभाग की आयुक्त दीपा मुधोल-मुंडे, क्षेत्रीय उपायुक्त वंदना कोचुरे, सहायक आयुक्त विशाल लोंढे तथा विशेष अधिकारी माधुरी वाघमोडे ने राजर्षि शाहू महाराज विदेशी छात्रवृत्ति योजना की लाभार्थी सांची विलास यादव के पुणे स्थित आवास पर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित किया। सांची यादव ने यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से संज्ञानात्मक तंत्रिका विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। अधिकारियों ने उनकी शैक्षणिक यात्रा की जानकारी ली और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद ‘सेवा मेरा योगदान’ उपक्रम के तहत मातोश्री वृद्धाश्रम का दौरा किया गया। अधिकारियों ने वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और उनकी कुशलक्षेम पूछी।
समाज कल्याण विभाग की ओर से पुणे शहर में अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को वितरित किए गए गटई स्टॉल का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। विजय लक्ष्मण वरचाये, गजानन संपत अवचरे और कालिदास बाजीराव वाघमारे के स्टॉल पर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित कर लाभार्थियों से संवाद किया गया तथा उनके कार्य और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।
सहायक आयुक्त विशाल लोंढे ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पुणे जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘आशीर्वाद का दीप’, ‘बदलाव की कहानी’ और ‘नमो सेवा गाथा’ सहित विभिन्न उपक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, गृहप्रमुख, गृहपाल तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।



