
आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण को लेकर उप विकास आयुक्त ने की विस्तृत समीक्षा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं पात्र स्थलों पर शीघ्र योजना चयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त श्वेता भारती के द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण से संबंधित प्रगति, योजना चयन तथा निर्माण कार्य के लिए आवश्यक प्रक्रिया की बिंदुवार जानकारी ली गई।
बैठक में सभी सीडीपीओ, कार्यक्रम पदाधिकारी (PO), कनीय अभियंता (JE), निदेशक NEP, एसीईओ जिला परिषद, डीपीओ आईसीडीएस, डीपीओ VB-G RAM G तथा एपीओ योजना सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु अविलंब उपयुक्त स्थलों एवं योजनाओं का चयन सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से प्रारंभ कराया जा सके। उन्होंने योजना चयन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देशित किया कि चयनित योजनाओं की आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। अतः इनके निर्माण में तेजी लाते हुए बच्चों एवं लाभार्थियों को बेहतर एवं सुदृढ़ आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।



