उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

प्रभारी मंत्री ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

प्रभारी मंत्री ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। नगर विकास राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समयबद्ध लाभ पहुंचाया जाए।

 

प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन से निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। विभागाध्यक्ष अपने विभाग से लाभान्वित लोगों तथा पूर्ण कराए गए कार्यों का विवरण उपलब्ध कराएं और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें।

 

बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण, ऊर्जा, कृषि, ग्रामीण विकास, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, समाज कल्याण, पेंशन और सहकारिता समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

लोक शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। जरूरत पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण कर आवेदकों से संवाद स्थापित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। योजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र सत्यापन करने और अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

सेतु निगम, सिंचाई, नलकूप एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़क निर्माण, गड्ढा मुक्ति अभियान और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अवशेष कार्यों को मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय से पूरा करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

 

मंत्री ने सिंचाई विभाग को नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, नियमित पेट्रोलिंग कराने तथा अवैध बांध रोकने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं की सहमति के बिना विद्युत भार न बढ़ाने तथा बिजली बिल संशोधन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।

 

इस दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट भी वितरित की गई। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जिले की कानून-व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।

 

बैठक में राज्य मद्यनिषेध परिषद के उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button