
सब्जी उत्पादन कर उमाकली ने सुदृढ़ की अपनी आर्थिक स्थिति कृषि सखी बनकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिये कर रही हैं प्रेरित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. जिले के हनुमना विकासखण्ड में माजन गांव की रहने वाली उमाकली ने सब्जी उत्पादन कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया साथ ही वह कृषि सखी बनकर अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिये प्रेरित कर रही हैं।
उमाकली एकल परिवार में रहकर अपने पति के साथ कृषि मजदूरी कर पहले अपना जीवन यापन करती थीं। उनका व उनके परिवार का भरण पोषण बमुश्किल ही हो पाता था। दो वर्ष पूर्व उमाकली म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित स्वसहायता समूह से जुड़ गई तथा ऋण लेकर सब्जी उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने अन्य किसानों की 3 एकड़ भूमि में वटाई पर कृषि एवं सब्जी उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया। खेत से उगाई गई सब्जी को स्थानीय बाजार एवं व्यापारियों को विक्रय कर अब उमाकली प्रतिमाह 15 हजार रूपये तक की कमाई कर रही है। इनका परिवार खुशहाल है और अब यह अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की समझाइश देते हुए कृषि सखी का काम भी बखूबी कर रही है।


