
बीहड़ में बेखौफ खनन का खेल, मिट्टी खोदती जेसीबी सीज
नगला तौर के बीहड़ में बड़े क्षेत्र में हो रही थी खुदाई, खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान जसवंतनगर इटावा
जसवंतनगर। बलरई थाना क्षेत्र के नगला तौर के बीहड़ में मिट्टी के टीले से कथित अवैध खनन किए जाने की सूचना पर पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके पर बड़े क्षेत्र में जेसीबी से मिट्टी की खुदाई होती मिली। कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने जेसीबी संख्या यूपी 75 बीटी 2961 को सीज कर दिया।
बताया गया कि बलरई थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह को नगला तौर के बीहड़ में मिट्टी के टीले से अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद थाना पुलिस और खनन अधिकारी बृज बिहारी प्रसाद की टीम मौके पर पहुंची। टीम को मौके पर जेसीबी से बड़े क्षेत्र में मिट्टी की खुदाई होती मिली।
मौके की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद खनन विभाग ने जेसीबी को सीज कर दिया। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के बाद जेसीबी को थाने में दाखिल कर अपनी सुपुर्दगी में खड़ा करा दिया। वाहन के संबंध में आवश्यक रिपोर्ट एआरटीओ को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
15 दिन में दूसरी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पिछले करीब 15 दिनों में यह दूसरी कार्रवाई है, जिसमें खनन में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। लगातार कार्रवाई के बावजूद बीहड़ क्षेत्र में मिट्टी खनन की शिकायतें सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध खनन में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि खनन माफिया के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल खनन विभाग और पुलिस की कार्रवाई के बाद अब यह जांच का विषय है कि मौके पर मिट्टी की खुदाई किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से की जा रही थी तथा खनन के लिए कोई वैध अनुमति थी या नहीं।



