
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिलाधिकारी ने की विभिन्न कोषांगों की बैठक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिलाधिकारी ने की विभिन्न कोषांगों की बैठक। उक्त निर्वाचन के सफल संचालन के बाबत मतदान केंद्रों की व्यवस्था से लेकर मतदान कर्मियों की तैनाती, प्रशिक्षण, मतपेटिका, निर्वाचन सामग्री, वाहन और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तक की जिम्मेदारी 11 अलग-अलग कोषांगों को सौंपी गई है।आज सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने उक्त निर्वाचन से संबंधित अब तक की तैयारियों की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़ा कोई भी काम अंतिम समय के भरोसे नहीं छोड़ा जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। बैठक में मतदान केंद्रों के प्रस्ताव और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मतदान कर्मियों की आवश्यकता और उपलब्धता, कर्मियों के प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों के अनुरूप मतपेटिकाओं की उपलब्धता, निर्वाचन सामग्री के आकलन एवं खरीद तथा वाहनों की जरूरत और उपलब्धता की जानकारी ली गई। डीएम ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। निर्वाचन व्यवस्था के तहत माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति, डिस्पैच सेंटर के चिह्नांकन और वहां जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा हुई। मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी, कम्यूनिकेशन प्लान और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को लेकर भी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
चुनाव या एमसीसी से जुड़ी जानकारी और शिकायत के लिए आमजन 1950, 06226-796197 और 06226-295421 पर संपर्क किया जा सकता है। 11 कोषांगों के जरिए चुनावी मशीनरी को अलग-अलग जिम्मेदारियों में बांटा गया है। इससे मतदान केंद्र, कर्मी, सामग्री, वाहन और आदर्श आचार संहिता जैसी व्यवस्थाओं की अलग-अलग मॉनिटरिंग होगी। खास फोकस एमसीसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और कंट्रोल रूम के जरिए सूचना-तंत्र मजबूत रखने पर है। बैठक में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।



