
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
विधायक ने माताओं एवं बच्चों से किया संवाद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत पटेहरा, देवरा, बिजौली गहरवारन एवं अटरिया में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को सेवा, पोषण, सीखने, जनभागीदारी एवं सम्मान के जीवंत केन्द्र के रूप में विकसित करना तथा माताओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं बाल देखभाल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रदेश में आंगन मिलन सेवा का आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल ने सहभागिता करते हुए बच्चों एवं माताओं से संवाद किया तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों के लिए सीखने एवं आनंदमयी गतिविधियों, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता तथा हितग्राहियों से संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री शंखधर त्रिपाठी, श्रीमती सविता श्याम, विकासखंड समन्वयक श्री सर्वेश सिंह गहरवार, पर्यवेक्षक सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान की थीम ‘सेवा, पोषण और सम्मान का राष्ट्रीय संकल्प’ है, जिसके माध्यम से स्थानीय जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सेवाओं को जनसरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।



