उत्तर प्रदेशप्रशासनलखनऊ

मंत्री श्री ए के शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को किया नमन

मंत्री श्री ए के शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को किया नमन

 

गांधी जी के स्वच्छता के सपने को प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनचेतना का रूप दिया: मंत्री ए.के. शर्मा

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान लखनऊ उत्तर प्रदेश 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड स्थित रघुवर मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी जी स्वच्छता के बहुत बड़े पक्षधर थे और उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। गांधी जी के बाद लंबे समय तक स्वच्छता का विषय अपेक्षित रूप से जनचेतना का हिस्सा नहीं बन पाया, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छता को जनआंदोलन और जनचेतना का रूप देते हुए गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को आगे बढ़ाया।

 

मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि आज देशभर में स्वच्छता कर्मी गांधी जी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छता संकल्प को साकार करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के लोगो के चयन से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए बताया कि लोगो के रूप में महात्मा गांधी जी के चश्मे को चुना गया और उसके दोनों खानों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने पेन से ‘स्वच्छ भारत’ लिखकर इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भाव व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि यह लोगो आज देश के स्वच्छता संकल्प का एक प्रमुख प्रतीक बन चुका है।

 

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के परिश्रम और समर्पण का परिणाम है कि लखनऊ ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान तथा वायु स्वच्छता के क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल नगर निगम या किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि सफाई मित्रों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लखनऊ के नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सफाई मित्रों की सेवाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के अनुसार स्वच्छता कर्मियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

 

इस अवसर पर मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने सफाई मित्रों से संवाद किया और उनके कार्यों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को टूलकिट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ लखनऊ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देश और समाज के लिए प्रेरणादायी है। महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता, सत्य और सेवा का संदेश दिया, वहीं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन और कार्यों में अपनाकर ही हम बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।

 

इसके पश्चात नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मुंशी पुलिया स्थित पार्क पहुंचकर कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमदान किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े विषय हैं। स्वच्छ शहर और स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

 

कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, पूर्व पार्षद श्री रामकुमार वर्मा, वर्तमान पार्षद श्रीमती कल्पना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्वच्छताकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button