
अब पानी के लिए नहीं भटकता देवरी शिवमंगल सिंह
जल जीवन मिशन ने बदली गांव की तस्वीर, घर-आंगन में पहुंचा नल का जल तो लौट आईं खुशियां
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज / कभी पानी की तलाश में सुबह से शाम तक भटकने वाला ग्राम देवरी शिवमंगल सिंह आज घर-घर नल से जल मिलने की नई कहानी लिख रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान कर जीवन को आसान बना दिया है। गांव की सरपंच श्रीमती गृहपा सिंह बताती हैं कि गर्मियों में पेयजल संकट सबसे अधिक बढ़ जाता था। ग्रामीणों को कुएं और नलकूप से पानी लाने के लिए दूर जाना पड़ता था। मजदूर काम से लौटने के बाद भी पानी की व्यवस्था में जुट जाते थे। साइकिलों पर बाल्टी और डिब्बे लटकाए पानी लाते ग्रामीण गांव की आम तस्वीर हुआ करते थे।
जल जीवन मिशन के तहत गांव में उच्चस्तरीय पानी की टंकी का निर्माण और पाइपलाइन बिछाकर घर-घर नल कनेक्शन दिए गए। अब ग्रामीणों को अपने घर के आंगन में ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। पानी लाने में खर्च होने वाला समय बचने से महिलाओं और श्रमिक परिवारों को विशेष राहत मिली है।
सरपंच श्रीमती गृहपा सिंह भावुक होकर कहती हैं, “हमारे लिए यह केवल नल में आया पानी नहीं है, बल्कि वर्षों की परेशानी से मिली मुक्ति और सम्मान का एहसास है। अब घर पहुंचते ही पानी उपलब्ध रहता है।” नल से बहती जलधारा ने गांव में सिर्फ प्यास नहीं बुझाई, बल्कि महिलाओं का समय, श्रमिकों की मेहनत और परिवारों का सुकून भी लौटाया है। ग्रामीणों ने इस बदलाव के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

