
बच्चों के पोषण और संस्कार से बनेगा सशक्त समाज : विधायक प्रदीप पटेल
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज / सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत दादर पश्चिम एवं माजन मानिकराम में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों का जायजा लिया तथा बच्चों और माताओं से संवाद किया।
विधायक श्री पटेल ने कहा कि बच्चों का बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और संस्कार ही सशक्त एवं स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ माताओं और महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल हितैषी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से सेवा, पोषण और सम्मान के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी परियोजना अधिकारी श्रीमती सविता श्याम परस्ते, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, जीआरएस एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

