
संयुक्त संचालक ने की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा :संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. अर्चना पाण्डेय ने सतना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। संयुक्त संचालक ने कहा कि प्रसव के दौरान होने वाली महिला अथवा शिशु के मृत्यु की प्रत्येक घटना की निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार जाँच करें। इसमें जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें। गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन तथा नियमित जाँच सुनिश्चित करें। गर्भवती महिलाओं का पंजीयन और जाँच की रिपोर्ट पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा बीएमओ गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और उन्हें दी जाने वाली उपचार सहायता की नियमित निगरानी करें। हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन करके उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करके समुचित उपचार कराएं। एनिमिक गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केन्द्रों में आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन लगाएं तथा आवश्यकता होने पर खून चढ़ाने की भी व्यवस्था करें। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रसव की पूरी सुविधा है। किसी भी गर्भवती महिला को अनावश्यक रूप से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर न करें। यदि किसी महिला को रेफर किया जा रहा है तो पूरी केस हिस्ट्री उसके साथ भेजें। संबंधित डॉक्टर को भी इसकी पहले से सूचना दे दें जिससे जिला अस्पताल पहुंचते ही उपचार शुरू हो जाए। संयुक्त संचालक ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समुचित पोषण आहार देने, साफ-सफाई तथा टीकाकरण के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में मेडिकल कालेज सतना तथा जिला चिकित्सालय सतना के डॉक्टर्स एवं नर्सिंग आफीसर उपस्थित रहे।

