
दशहरा-दिवाली सीजन में पर्यटकों पर केरल की नजर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे/ महाराष्ट्र /केरल
पुणे, : दशहरा और दीपावली की छुट्टियों के साथ शुरू होने वाले प्रमुख घरेलू पर्यटन सीजन को देखते हुए केरल पर्यटन ने महाराष्ट्र समेत पश्चिमी और उत्तरी राज्यों में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्री-सीजन अभियान शुरू किया है। इसके तहत पार्टनरशिप मीट और रोड शो के जरिए केरल को प्रमुख ‘एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म’ गंतव्य के रूप में पेश किया जा रहा है।

अभियान की शुरुआत गुजरात और महाराष्ट्र में प्री-सीजन पर्यटन बी2बी पार्टनरशिप मीट के आयोजन से हुई। पुणे में आयोजित बी2बी मीट में केरल के करीब 45 पर्यटन हितधारकों ने हिस्सा लिया और ट्रैवल इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर कई आकर्षक डील और हॉलिडे पैकेज पेश किए।
इन पैकेजों के जरिए पर्यटकों को छह रातों की यात्रा के दौरान केरल के समुद्र तटों, शांत बैकवाटर, हिल स्टेशनों और जंगलों के साथ राज्य के अन्य खूबसूरत नजारों का अनुभव लेने का अवसर दिखाया गया।
पर्यटन के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही में 2025 की इसी अवधि की तुलना में घरेलू पर्यटकों के आगमन में 10.98 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पर्यटन मंत्री पी सी विष्णुनाध ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केरल को प्रमुख ‘एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म’ हब के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को जल्द ‘उद्योग का दर्जा’ दिए जाने के राज्य सरकार के फैसले से पर्यटन हितधारकों को अपने पैकेज नए सिरे से तैयार करने की अधिक गुंजाइश मिलेगी।



