
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों की शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने हनुमना जनपद अंतर्गत विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिसिरगवाँ, आंगनवाड़ी सह आरोग्य केंद्र मिसिरगवाँ, आंगनवाड़ी केंद्र दादर पूर्वी क्रमांक-2 तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय दादर पूर्वी सहित अन्य संस्थाओं का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री ओगरे ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से पठन-पाठन की जानकारी ली तथा कक्षा में विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाकर शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि अध्यापन कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता में सुधार के लिए विशेष प्रयास करें।
आंगनवाड़ी सह आरोग्य केंद्र मिसिरगवाँ के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों के वजन चार्ट का अवलोकन किया तथा उन्हें दिए जाने वाले नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता जांची। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि केंद्रों में नियमित रूप से गतिविधियां संचालित हों तथा बच्चों को खेल-खेल में सीखने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने, उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने तथा सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों एवं बच्चों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, तहसीलदार हनुमना शिवम गौतम, कार्यक्रम अधिकारी आशीष द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

