सीतामढ़ी

बाल दरबार लगा कर बच्चों ने मनाया बाल दिवस

विशाल समाचार बिहार टीम

बाल दरबार लगा कर बच्चों ने मनाया बाल दिवस

कोविड-19 त्रासदी के दौरान ‘बच्चों ने क्या खोया, क्या पाया’ के आधार पर अधिकारियों से संवाद के लिए तैयार किया अपनी मांगों और सुझावों का साझा मसौदा

सीतामढी/बिहार:समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार एवं यूनिसेफ़ द्वारा आयोजित बाल दरबार में बच्चों ने अपने सरोकारों व अधिकारों पर खुलकर की चर्चा की समाज के अलग-अलग तबकों से आने वाले 30 बच्चे-बच्चियों एवं किशोर-किशोरियों ने आज होटल साई रेजीडेंसी में बैठक कर अपनी समस्याओं, मुद्दों व अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की. विशेष रूप से बच्चों ने बताया कि कोविड-19 त्रासदी, लॉक डाउन और स्कूल बंदी की वजह से उन्होंने शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किन किन चुनौतियों का सामना किया, सरकार की किन योजनाओं से उन्हें लाभ मिला और कैसे एक बेहतर दुनिया का निर्माण किया जा सकता है.
राष्ट्रीय बाल दिवस – 14 नवंबर से लेकर विश्व बाल दिवस – 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले बाल अधिकार सप्ताह (Child Rights Week) के मद्देनज़र बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग एवं यूनिसेफ़ द्वारा आयोजित।

ज़िला बाल संरक्षण इकाई सीतामढ़ी ,बाल गृह और प्रथम संस्था के सहयोग से बाल दरबार नाम से यह आयोजन करवाया गया.


सीतामढ़ी बाल दरबार में 14 वर्षीय राजनंदिनी ने कहा कि विद्यालय का संचालन अच्छे से हो। इसी कड़ी में 16 वर्ष की अमृता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बाल विवाह रोक-थाम के लिए जागरूकता की आवश्यकता है।
चिंता, भय और अवसाद जैसी समस्याओं को चर्चा में शामिल करते हुए 12 साल के सोनाक्षी ने कहा कि हमे पढ़ने के लिए विद्यालय की व्यवस्था हो।
इस विशेष पहल के बारे में बताते हुए पटना से समाज कल्याण विभाग के निदेशक राजकुमार ने कहा कि जनता दरबार की तर्ज़ पर बाल दरबार से विभिन्न सरकारी विभागों/नीति निर्धारकों को बच्चों एवं किशोर-किशोरियों से सीधे संवाद कर, उनके सरोकारों और सुझावों को बेहतर ढंग से जानने-समझने का मौक़ा मिलेगा. इससे बच्चों के लिए, ख़ास तौर से वंचित वर्ग के बच्चों के लिए बेहतर योजनाएं और कार्यक्रम बनाने में मदद मिलेगी.
बाल दिवस की बधाई देते हुए पटना से यूनिसेफ़ बिहार की संचार विशेषज्ञ निपुण गुप्ता ने कहा कि संयुक्त राष्ट बाल अधिकार समझौते एवं राष्ट्रीय बाल नीति के मुताबिक़ बच्चों को भागीदारी और विचार व्यक्त करने का अधिकार है. इस दिशा में समाज कल्याण विभाग ने बाल दरबार के माध्यम से पहली बार ज़िला में एक सशक्त और संवेदनशील प्लेटफ़ॉर्म दिया जा रहा है जो बेहद सराहनीय है. उम्मीद है कि इस संवाद को एक नियमित/सतत प्रक्रिया का स्वरूप दिया जाएगा जिसके तहत बच्चों के मुद्दों और सुझावों पर यथोचित कार्रवाई हेतु संबद्ध अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ फॉलो अप भी हो सके.
आज के बाल दरबार चर्चा के दौरान मुख्य तौर पर निम्नलिखित मुद्दे उभर कर आए जिनसे सभी बच्चे-बच्चियां किसी न किसी रूप में ज़रूर प्रभावित हैं.
1. कोविड संक्रमण के कारण हमारा शिक्षा और रहन – सहन प्रभावित हुआ है।
2. विद्यालय का संचालन अच्छे से हो।
3. बालिका को सुरक्षा की नितांत जरूरत है।
4. बाल विवाह की रोक-थाम में समाज/ग्रामीण क्षेत्र एक समस्या बनी है।
5. दहेज प्रथा सामाजिक कुरीतियो को दूर करना भी समस्या है।
4 घंटे की चर्चा के दौरान न सिर्फ़ समस्याओं पर बातचीत हुई, बल्कि बच्चों ने उनके निदान को लेकर कुछ ठोस सुझाव भी दिए.
1. कोविड के कारण शिक्षा की समस्या के लिए डेटा, और सुरक्षित ऑनलाइन पढ़ाई की बात सामने आयी।
2. विद्यालय संचालन ससमय हो। जिसमें अभिभावक और स्कूल की दूरी को कम किया जाय।
3. बालिका को इतना सशक्त बनाया जाय कि वह अपने सुरक्षा स्वंय कर सके।
4. बाल विवाह के सम्बंध में बालिका ने बताया अभी कमी आयी है। और उन्मूलन के लिए जागरूकता जरूरी है।
5. दहेजप्रथा को समाप्त के लिए सामूहिक प्रयास होना।
संवाद के दौरान मिले सुझावों के आधार पर प्रतिभागी बच्चे-बच्चियों द्वारा एक चार्टर ऑफ़ डिमांड्स भी तैयार किया गया जिसे आगामी 17 नवंबर को वे जिलाधिकारी/अन्य अधिकारियों से मिलकर उन्हें सौंपेंगे. इस दौरान वे ज़िलाधिकारी से खुलकर चर्चा करेंगे और उनसे अपनी मांगों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का भी अनुरोध करेंगे.

कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई सोनी कुमारी ने बाल दिवस पर बच्चो को शुभकामनाएं दी और बाल दरबार ऐसे आयोजन को उन्होंने सराहना किया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान अमरेंद्र कुमार पाठक ने बताया बाल दरबार एक ऐतिहासिक कार्य है जो बच्चो के हित के लिए एक सराहनीय कदम है। कार्यक्रम में रिंकू कुमारी परामर्शी, शिक्षिका अलका कुमारी, पूनम कुमारी, प्रथम संस्था के सुधीर कुमार, महीका कौर, अमित कुमार, बिरेन्द्र कुमार, CPO नीरज खन्ना,दिनेश कुमार उपस्थित रहे.
चर्चा के साथ साथ बच्चों ने बाल दिवस को उत्सव के रूप में भी मनाया. बाल अधिकारों के प्रतीक के रूप में नीली रौशनी और नीले गुब्बारों से सजे हुए बाल गृह संस्थाओं में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए.

गौरतलब हो कि 14 से 16 नवंबर के बीच राज्य के 29 ज़िलों में राज्य बाल संरक्षण समिति, समाज कल्याण विभाग के निर्देशन में राज्य बाल संरक्षण समिति, सेव द चिल्ड्रेन, ऐक्शन एड, प्रथम, उदयन केयर, सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस इन ऑल्टरनेटिव केयर की टीम के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है. इसमें राज्य के सभी 34 बाल/बालिका गृहों से भी बच्चे-बच्चियां शामिल होंगे.

जनता दरबार की तर्ज़ पर शुरू किए गए इस पहल के ज़रिए बच्चों को एक प्रभावी मंच मुहैया करवाया जा रहा है जहां वे अपने मुद्दों, समस्याओं और सरोकारों के बारे में आपस में खुलकर चर्चा कर सकें. इसी कड़ी में उन्हें ज़िलास्तरीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से खुलकर संवाद करने का भी मौक़ा मिलेगा. संवाद के दौरान मिले बच्चों के सुझावों के आधार पर तैयार किए गए चार्टर ऑफ़ डिमांड्स को बच्चों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा ज़िला एवं राज्य स्तर पर संबद्ध अधिकारियों व नीतिनिर्धारकों को सौंपा जाएगा.
ज़िला स्तरीय आयोजन के पश्चात हर ज़िले से एक लड़का या लड़की राज्य स्तर पर 19 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य बाल दरबार में भाग लेंगे. 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस के अवसर पर बच्चों व किशोर-किशोरियों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा सुझावों एवं मांगों का संकलित चार्टर समाज कल्याण विभाग एवं अन्य संबद्ध विभागों के मंत्री एवं आला अधिकारियों को सौंपा जाएगा. कोविड महामारी के दौरान बच्चों ने क्या खोया, क्या पाया और उनके लिए एक बेहतर दुनिया कैसे बने, इससे जुड़े सुझावों को भी चार्टर ऑफ़ डिमांड्स में शामिल किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button