
कमिश्नर ने कृषि तथा सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा की
विशाल समाचार रीवा टीम
रीवा एमपी: कमिश्नर कार्यालय में कृषि तथा सहकारिता विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमिश्नर अनिल सुचारी ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में खाद की मांग तथा आपूर्ति की सतत निगरानी रखें। किसानों को फसल की आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराएं। खाद की रैक लगातार प्राप्त हो रही हैं। इसका ठीक से वितरण सुनिश्चित करें। मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। किसानों को पाले से बचाव के लिए उचित सलाह दें। संभाग में 22 हजार 640 हेक्टेयर में मसूर, 74 हजार 300 हेक्टेयर में सरसों तथा 95 हजार 680 हेक्टेयर में चने की फसल बोई गई है। सरसों की खेती की ओर किसान आकर्षित हो रहे हैं। अन्य फसलों की तुलना में सरसों की खेती अधिक लाभकारी है। किसानों को सरसों की उन्नत खेती के संबंध में उचित सलाह दें।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि खाद, बीज तथा कीटनाशक दवाओं के नियमित रूप से नमूने लेकर इनकी जांच कराएं। नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही करें। निजी विक्रेताओं द्वारा खाद बिक्री की भी नियमित निगरानी करें। किसानों को अधिक दाम पर खाद बेचने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही करें। इस वर्ष प्रयोगशाला में भेजे गए 250 नमूनों में से 15 अमानक पाए गए हैं। इन पर तत्काल कार्यवाही करें। अभी कई किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा नहीं मिली है। बैंकों से संपर्क कर किसानों को केसीसी जारी कराएं। किसान को पर्याप्त पूंजी मिलेगी तो वह खेती को आधुनिक बनाने तथा समय पर खाद बीज की व्यवस्था करके खेती को बेहतर कर सकेगा। कमिश्नर ने जैविक खेती तथा कृषि यंत्रीकरण के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने रबी फसल ऋण वितरण तथा धान उपार्जन में भुगतान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। सहकारी बैंकों द्वारा संभाग में किसानों को 67 करोड़ 39 लाख रुपए का फसल ऋण दिया गया है। कमिश्नर ने लंबित ऋणों की वसूली तथा उपार्जन केन्द्रों में अनाज भण्डारण की समुचित व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कमिश्नर ने मछली पालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि संभाग में पर्याप्त बारहमासी जलाशय उपलब्ध हैं। इसके बावजूद मछली उत्पादन लक्ष्य के अनुसार नहीं है। सभी मछली पालन योग्य तालाबों के पट्टे मछली पालन के लिए जारी कराएं। इनमें समितियों के माध्यम से अच्छी गुणवत्ता की अधिक आय देने वाली मछली का पालन कराएं। संभाग में मछली पालन विभाग की योजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं है।
बैठक में उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद की गतिविधि से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ें। सब्जी तथा फल क्षेत्र विस्तार योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करें। सीधी एवं सतना जिले में विभागीय गतिविधियां संतोषजनक नहीं हैं। प्याज भण्डारगृहों का निर्माण लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुआ है। सीधी, सिंगरौली तथा सतना जिलों में स्वीकृत प्याज भण्डारगृहों का निर्माण पूरा कराएं। सब्जी उत्पादन में भी संभाग लक्ष्य से पीछे है। फलदार पौधों को तैयार करने की विस्तृत कार्ययोजना बनाएं। सब्जी तथा मसाला उत्पादन बढ़ाने के प्रयास करें। अच्छे फल सब्जी उत्पाद किसानों की सफलता की कहानी प्रकाशित कराएं जिससे अन्य लोग प्रेरित हों। बैठक में उप संचालक सतीश निगम, संभागीय प्रबंधक विपणन संघ, प्रभारी संयुक्त संचालक उद्यानिकी, प्रभारी उप संचालक कृषि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.


