अवार्डरीवा

विन्ध्य प्राइड अवार्ड 2021-22 से सम्मानित हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्टजन

विन्ध्य प्राइड अवार्ड 2021-22 से सम्मानित हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्टजन
विकास के पथ पर विन्ध्य, विन्ध्य मांगे मोर विषय पर परिचर्चा का हुआ आयोजन

रीवा एमपी: बंसल न्यूज परिवार के संयोजकत्व में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 विशिष्टजनों को विन्ध्य प्राइड अवार्ड 2021-22 से सम्मानित किया गया। स्थानीय कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में विकास के पथ पर विन्ध्य, विन्ध्य मांगे मोर विषय पर परिचर्चा में विन्ध्य अंचल के राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों ने अपनी सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर बघेली बोली में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने कहा कि सभी के सहयोग एवं प्रयास से हम अपने विन्ध्य को समावेशी, सम्पूर्ण एवं समग्र विकास करते हुए उच्चतम शिखर तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि विन्ध्य में विकास के बहुआयामी प्रयास जारी हैं। विन्ध्य अंचल साहित्य व संगीत के क्षेत्र में पहले से ही संपन्न रहा है। यहाँ की परंपरा व संस्कार अपने आप में अप्रतिम है। उन्होंने युवा पीढ़ी का आहृवान किया कि अपने संस्कार व परंपरा को कायम रखें क्योंकि इससे हमारी संस्कृति बनती है। उन्होंने संस्कार और परंपरा के साथ विज्ञान को भी समावेश कर आगे बढ़ने का साधन बताया। श्री गौतम ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। इसी आधार पर सभी जनप्रतिनिधि विन्ध्य अंचल के समग्र विकास के लिए समावेशी भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अपना प्रतिमान खुद बनकर संघर्ष से रास्ता बनाते हुए विकास के पथ पर अग्रसर होने के सभी प्रयास किए जाएं।

परिचर्चा में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि सभी को गांव से जीवंत संबंध बनाकर रखने की आवश्यकता है। विन्ध्य क्षेत्र शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास के रास्ते पर अग्रसर हुआ है। आने वाले समय में पर्यटन के क्षेत्र में भी कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर सीधी सांसद रीति पाठक ने कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति को मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति से ही विकास की अवधारणा पूरी होती है। जरूरत इस बात है कि स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति हो। सामूहिक एवं संगठित भाव से विन्ध्य के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। नई पीढ़ी अपने परिवार, क्षेत्र व संस्कार को सम्मान देते हुए आगे बढ़े। परिचर्चा में पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र की तरक्की मजबूत अधोसंरचना के विकास से ही होती है और वहाँ आर्थिक क्रांति आती है। किसानों के समृद्ध होने से रीवा का विकास हुआ है। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के भी अवसर मिले हैं। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा कि विन्ध्य का स्वरूप काफी बदला है और आगे बदलने की भी संभावना है। उन्होंने अधोसंरचना के बहुआयामी प्रयास की बात कही। श्री सिंह ने विन्ध्य क्षेत्र में बड़े उद्योगों की स्थापना की आवश्यकता बताई। उन्होंने बघेली बोली को आगे बढ़ाकर सांस्कृतिक एकात्मकता के बोध होने की बात भी कही। परिचर्चा में श्री राजेन्द्र शर्मा ने विन्ध्य के विकास के लिए रोडमैप व सम्पूर्ण कार्ययोजना को ध्यान में रखकर कार्य करने की आवश्यकता बताई। छोटे-छोटे उद्योगों की स्थापना से विकास की बात उन्होंने कही। कार्यक्रम में सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी ने कहा कि नई पीढ़ी ने देश को बल देने का कार्य किया है। विन्ध्य में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ अधोसंरचना विकास के कार्य प्राथमिकता से कराए गए हैं। इस अवसर पर विधायक कमलेश्वर पटेल ने कहा कि विन्ध्य अद्भुत है। विन्ध्य के विकास में सभी को समवेत होकर प्रयास करने होंगे तभी हमारा विन्ध्य क्षेत्र प्रगति के नए नित सोपान तय करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button