रीवा

विकास यात्राओं का आयोजन होगा एक से 15 फरवरी तक -निर्देश जारी

विकास यात्राओं का आयोजन होगा एक से 15 फरवरी तक -निर्देश जारी
विशाल समाचार टीम रीवा:-
रीवा एमपी: शासन द्वारा एक फरवरी से 15 फरवरी तक विकास यात्राओं के आयोजन के निर्देश दिये गये हैं। विकास यात्राएं सभी गांव तथा शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में निकाली जायेंगी। विकास यात्रा का मुख्य उद्देश्य विकास और जनकल्याण के माध्यम से सुराज के लक्ष्यों की प्राप्ति करना तथा विकास गतिविधियों एवं उपलब्धियों को आमजनता को अवगत कराना है। इस विकास यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक तथा विभिन्न योजनाओं से लाभांवित हितग्राही एवं आमजन शामिल होंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा विकास यात्रा के संबंध में जारी निर्देशों के अनुसार जिले के प्रभारी मंत्री तथा जिला कलेक्टर विकास यात्राओं का रूट एवं स्थान निर्धारित करेंगे। विकास यात्रा का प्रारंभ स्थल एवं समापन स्थल एवं समय निर्धारित रहेगा। यात्रा के कार्यक्रम में प्रतिदिन तय की जाने वाली दूरी तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का उल्लेख रहेगा। प्रत्येक विकास यात्रा को एक विशिष्ट नाम और कोड नंबर दिया जायेगा। विकास यात्रा के लिए यात्रा प्रभारी तैनात रहेंगे। विकास यात्रा के दौरान निर्माण कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास तथा पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण के कार्यक्रम होंगे। यात्रा के दौरान निर्धारित स्थल पर सभा करके लाभांवित हितग्राहियों से योजना से लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों से संवाद किया जायेगा। विभिन्न क्षेत्रों में किये गये श्रेष्ठ कार्यों उपलब्धियों तथा सफलता की कहानियों पर चर्चा की जायेगी।

जारी निर्देश के अनुसार विकास यात्रा के दौरान केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं तथा उनके लाभों के संबंध में आमजनता को जानकारी दी जायेगी। यात्रा के दौरान स्वसहायता समूहों, शिक्षक पालक संघ के सदस्यों, ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन दल के सदस्यों,ग्राम सभा के सदस्यों, जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजनाओं के संचालन के लिए गठित समिति के सदस्यों तथा अन्य समूहों के सदस्यों से भी संवाद किया जायेगा। विकास यात्रा के मार्ग में आने वाली शासकीय संस्थाओं जैसे स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनवाड़ी केन्द्र, स्कूल, उचित मूल्य दुकान, ग्राम पंचायत कार्यालय, थाना, पशु चिकित्सालय, सहकारी साख समिति कार्यालय आदि का निरीक्षण कर उनकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव दिये जायेंगे।

विकास यात्रा के संचालन के लिए जन अभियान परिसर नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगी। इसकी जिला विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर की इकाईयां यात्रा आयोजन में सहयोग करेंगी। विकास यात्रा की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला कलेक्टर पर होगी। ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर निगम के आयुक्त नगर निगम तथा अन्य नगरीय निकायों के लिए अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी होंगे। कलेक्टर अलग-अलग विकास यात्राओं के लिए अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात करेंगे। प्रतिदिन आयोजित होने वाली विकास यात्राओं की संख्यात्मक एवं गुणात्मक जानकारी शासन को प्रतिदिन निर्धारित प्रपत्र में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी को भेजी जायेगी। इसमें शिलान्यास एवं लोकार्पण की संख्या एवं राशि तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं से हितलाभ वितरण की संख्यात्मक जानकारी होगी। विकास यात्रा के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रतिदिन अपलोड किये जायेंगे। विकास यात्रा से संबंधित पूरी जानकारी सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जायेगी। इसमें यात्रा के दौरान प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों की जानकारी दर्ज की जायेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button