केन्द्रीय जेल में स्वास्थ्य शिविर संपन्न
रीवा एमपी: . राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुबोध कुमार जैन की उपस्थिति में केंद्रीय कारागार में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय जबलपुर श्री विवेक अग्रवाल द्वारा केंद्रीय कारागार रीवा के विशेष स्वास्थ्य शिविर का ऑनलाईन शुभारंभ किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कारागार में विशेष स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि जेल में बंदियों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करवाना जेल प्रशासन का दायित्व एवं बंदियों का मानवाधिकार है। बंदियों को जेल के भीतर सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं और आवश्यकता होने पर विधिक सहायता प्राप्त होनी चाहिए। उन्होने जेल में बंदियो हेतु उपलब्ध स्वास्थ सेवाओं का निरीक्षण किया। नवनिर्मित जेल अस्पताल एवं बैरकों का अवलोकन किया व जेल पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अहमद रजा ने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता बंदियों का अधिकार है किसी भी बंदी को विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तत्काल विधिक सहायता उपलब्ध करवाता है। इस अवसर पर बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा किया गया जिसके अंतर्गत 470 पुरूष बंदी व 122 महिला बंदी और 09 बच्चो समेत 592 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अभय कुमार मिश्रा, जेल अधीक्षक श्री सतीश उपाध्याय, श्री रविकांत अग्निहोत्री, प्रशांत चौहान, अधिवक्ता श्री कौशलेस पटेल, अमर ज्योति गुप्ता, सतीश मिश्रा, रामकृष्ण गौतम, पैरालीगल वालेण्टियर्स धर्मेन्द्र नापित, भीम सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रामनरेश कुशवाहा उपस्थित थे।



