
सीतामढ़ी में बाल संरक्षण पर महत्वपूर्ण बैठक, बाल विवाह और बाल श्रम उन्मूलन को लेकर सख्ती के निर्देश
डीएम की अध्यक्षता में समाज कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, पंचायत स्तर तक जागरूकता बढ़ाने पर ज़ोर
सीतामढ़ी विशाल समाचार: समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिलाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में बाल संरक्षण और समाज कल्याण से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल श्रम, बाल विवाह और विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को निर्देशित किया कि प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति और बाल श्रम उन्मूलन हेतु गठित टास्क फोर्स की बैठकें संयुक्त रूप से आयोजित की जाएं, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा हेतु समन्वित प्रयास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आगामी अक्षय तृतीया (29 और 30 अप्रैल) के मद्देनज़र जिले में किसी भी बाल विवाह की घटना पर पूर्ण रोक लगाने के लिए हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर विशेष जागरूकता अभियान चलाने एवं कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। शिक्षा के क्षेत्र में निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि प्रथम कक्षा में बच्चों का नामांकन 22 अप्रैल तक शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।पंचायती राज दिवस (18 से 23 अप्रैल) के उपलक्ष्य में जिले में विशेष सफाई अभियान, महिला संवाद, एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर समग्र विकास शिविर के माध्यम से 22 प्रकार की सरकारी सेवाओं के प्रचार-प्रसार एवं लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, परवरिश योजना, दिव्यांगजन कल्याण, बुनियादी केंद्र, यूडीआईडी, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, कबीर अंत्येष्टि योजना तथा मुख्यमंत्री वृद्ध पेंशन योजना सहित अन्य समाज कल्याण और पुनर्वास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि समाज के वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए अंतरविभागीय समन्वय बनाकर कार्य करना आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर आमजन को जागरूक किया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा और सामाजिक न्याय सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता-सह-सहायक निदेशक (जिला बाल संरक्षण इकाई) प्रियंका कौशिक, प्रभारी डीपीओ संध्या कुमारी, श्रम अधीक्षक रमाकांत, सीपीओ गोविंद राम, प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, सीडब्ल्यूसी सदस्य सुनीता कुमारी, डीपीओ सुभाष कुमार, एपीओ राजीव रौशन, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि सुशील कुमार, स्वास्थ्य विभाग, बीबीए प्रतिनिधि मो. शारीब, कार्यालय कर्मी मोनिका एवं संजीव, बाल गृह अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रखंड के बीडीओ और सीडीपीओ ने बैठक में वर्चुअल माध्यम (वीसी) से भाग लिया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने नैतिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया।


