
इटावा में पत्नी से परेशान इंजीनियर फंदे से लटका:मरने से पहले वीडियो बनाया; बोला- काश लड़कों के लिए भी कोई कानून होता
इटावा में एक इंजीनियर ने होटल में फंदे से लटककर जान दे दी। सुसाइड से पहले उसने वीडियो भी बनाया। इंजीनियर ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर परेशान करने का आरोप लगाया।
इंजीनियर ने कहा- पत्नी कहती थी मकान और जमीन मेरे नाम करो। सास ने उसका अबॉर्शन करवा दिया। जब तक यह वीडियो लोगों को मिलेगा, मैं इस दुनिया से जा चुका होऊंगा। अगर मेरी मौत के बाद भी मुझे इंसाफ न मिले, तो मेरी अस्थियां नाले में बहा देना।
होटल के मैनेजर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारा गया। इंजीनियर के भाई ने भी आरोप लगाया कि भाभी के ससुराल वाले मेरे भाई की जायदाद के पीछे पड़े थे। मेरे परिवार के खिलाफ झूठी शिकायत की थी। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। मामला रेलवे बजरिया स्थित होटल का है।
अब जानिए पूरा मामला
मोहित यादव सीमेंट कंपनी में फील्ड इंजीनियर थे औरैया जिले के कंचौसी में रहने वाले 33 साल के मोहित कुमार होटल के कमरा नंबर- 101 में ठहरे थे। मोहित यादव सीमेंट कंपनी में फील्ड इंजीनियर थे। वह आए दिन विभिन्न राज्यों में कंपनी के काम से जाया करते थे।
गुरुवार रात करीब 12 बजे मोहित होटल आए थे। उन्होंने स्टाफ को बताया था कि मार्केटिंग का काम करते हैं। वह दो दिन रुकने की बात कह कर होटल में ठहरे थे। शुक्रवार को पूरे दिन उनके कमरे में कोई हलचल नहीं दिखी। इस पर रात करीब 9 बजे होटल के मैनेजर आशीष यादव ने मोहित को फोन किया। फोन स्विच ऑफ मिला।
दरवाजा तोड़कर देखा तो मोहित पंखे से लटके मिले
इसके बाद होटल के स्टाफ ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया गया। लेकिन, कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो मोहित पंखे से लटके थे। पुलिस ने मौके से मोहित का मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर लिया है। एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी के मुताबिक, अभी तक की जांच में पता चला है कि मोहित ने आत्महत्या से पहले किसी से वीडियो कॉल पर बात की थी। इसकी जांच की जाएगी।
अब पढ़िए वीडियो में इंजीनियर ने जो कुछ कहा…
काश लड़कों के लिए भी कोई कानून होता जब तक आप लोगों को यह वीडियो मिलेगा, तब तक मैं इस दुनिया से जा चुका होऊंगा। काश लड़कों के लिए भी कोई कानून होता, तो शायद मैं यह गलत कदम नहीं उठाता। मैं अपनी पत्नी और उसकी फैमिली की मानसिक प्रताड़ना को सहन नहीं कर पाया।
मेरी पत्नी प्रिया यादव का बिहार के समस्तीपुर जिले में शिक्षक पद पर चयन हुआ था। इसके बाद उसकी मां ने मेरे बच्चे का गर्भपात करवा दिया। मेरी दी हुई सारी ज्वेलरी और साड़ियां अपने पास रख लीं, जिन पर उनका कोई अधिकार नहीं था।
पत्नी ने कहा था, अपना मकान और प्रॉपर्टी मेरे नाम करो मेरी पत्नी ने मुझे धमकी दी थी कि अगर मैंने अपना मकान और प्रॉपर्टी उसके नाम नहीं की, तो वह मुझे और मेरे परिवार को दहेज के झूठे आरोप में फंसा देगी। जबकि हमारी शादी बिना किसी दहेज की मांग और हमारी आपसी सहमति से हुई थी। क्योंकि, हम पिछले सात साल से रिलेशनशिप में थे।
मुझे फोन पर जान से मारने की धमकी दी वीडियो में मोहित ने कहा- पत्नी के पिता अनुज कुमार ने मेरे खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई। उसके भाई ने भी मुझे जान से मारने की धमकी दी। पत्नी ने मेरे साथ रहकर हर दिन झगड़े और मानसिक प्रताड़ना देना शुरू कर दिया। उसकी फैमिली भी इस साजिश में उसके साथ शामिल थी।
आखिर में मोहित ने कहा- अगर मेरी मौत के बाद भी मुझे इंसाफ न मिले, तो मेरी अस्थियां नाले में बहा देना। मम्मी-पापा, आप लोग मुझे माफ कर देना। मैं आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।

