सीतामढ़ी

06-07 मई को पुनौरधाम में भव्य सीतामढ़ी महोत्सव एवं जानकी महोत्सव का आयोजन

06-07 मई को पुनौरधाम में भव्य सीतामढ़ी महोत्सव एवं जानकी महोत्सव का आयोजन

विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी 

सीतामढ़ी जिले के ऐतिहासिक एवं पावन स्थल पुनौरधाम में आगामी 06 एवं 07 मई 2025 को दो दिवसीय सीतामढ़ी महोत्सव एवं जानकी महोत्सव का आयोजन पूरे हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। यह आयोजन मां जानकी की जन्मभूमि को समर्पित एक सांस्कृतिक महायज्ञ के रूप में होगा, जिसमें देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय सांस्कृतिक प्रतिभाएं भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी।

 

महोत्सव का विधिवत उद्घाटन 6 मई को किया जाएगा। पहले दिन, बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर अपनी लोक संस्कृति से सजी गायकी से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। वहीं 07 मई को देश की चर्चित गायिका और गीतकार सोना महापात्रा अपनी सशक्त प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।

 

महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्थानीय कलाकारों द्वारा विविध प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। स्वरा आर्ट एंड कल्चर, पटना की टीम राम—सीता के जीवन पर आधारित आकर्षक फोक डांस प्रस्तुत करेगी। साथ ही, सुप्रसिद्ध कलाकार मोहिनी अग्रवाल एवं मध्यप्रदेश की जानी मानी गायिका श्वेता गुंजन जोशी अपनी गजल एवं भजन प्रस्तुति के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण बनाएंगी।

 

शब्बीर शर्मा द्वारा मथुरा की होली की झलक साकार कलाकृति के माध्यम से मंचित की जाएगी। वहीं, नालंदा संगीत कला विकास संस्थान की टीम पारंपरिक लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुति देगी। प्रख्यात नृत्यांगना सोमा मंडल द्वारा शास्त्रीय भरतनाट्यम की प्रस्तुति विशेष आकर्षण होगा।

 

सांस्कृतिक विविधता को समेटते हुए, EZCC (पूर्व क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र) के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य और NZCC (उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र) के सौजन्य से कालबेलिया नृत्य की झलक भी देखने को मिलेगी।

 

महोत्सव में लोकप्रिय कलाकार रागिनी भारती, बंटी बावला, कुंदन ठाकुर एवं मोनी झा भी अपनी विशिष्ट कला का प्रदर्शन करेंगे। इसके अतिरिक्त, हेडवे क्रिएशंस प्राइवेट लिमिटेड (नई दिल्ली, गुरुग्राम) द्वारा रामायण पर आधारित अत्याधुनिक लेजर शो का मंचन भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button