सीतामढ़ी

कन्हौली थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा की गला रेत कर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

कन्हौली थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा की गला रेत कर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

कुणाल किशोर सीतामढ़ी 

सीतामढ़ी (सोनबरसा) – जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र अंतर्गत विष्णु आधार पंचायत के अररिया टोले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने 13 वर्षीय किशोरी आरती कुमारी की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका वार्ड संख्या 14 निवासी स्व. दहाउर राय की पुत्री थी।

 

घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। वारदात के समय आरती की मां ललिता देवी और छोटा भाई पास के ही एक अन्य कमरे में सो रहे थे। अचानक चीख-पुकार सुनकर जब माँ जागी, तो देखा कि बेटी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी है। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

 

सूचना पर थाना अध्यक्ष सेंटु कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि हत्या का मामला बेहद गंभीर है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

 

आरती की माँ ललिता देवी स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में बड़ी बहन चन्द्रकला देवी और भाई नितेश की शादी हो चुकी है। नितेश तमिलनाडु में सिलाई का कार्य करता है जबकि अन्य दो भाई – मिथलेश और रवि भी बाहर मजदूरी करते हैं।

 

घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस की प्राथमिकता हत्यारे तक जल्द पहुंचने की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

 

 

–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button