
इटावा पुलिस ने यू0पी0-112 रैंकिंग में मारी बाज़ी, प्रदेश में प्रथम स्थान
इटावा विशाल समाचार संवाददाता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्री सुबोध गौतम के मार्गदर्शन में इटावा पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित यू0पी0-112 पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) पर प्राप्त इवेंट्स के त्वरित निस्तारण के लिए प्रदेश स्तर पर की गई रैंकिंग में जनपद इटावा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा प्रतिदिन प्रदेश के सभी जनपदों की रैंकिंग की जाती है, जिसमें आज दिनांक 2 जून 2025 को जारी रैंकिंग में इटावा जिला शीर्ष पर रहा। इस उपलब्धि के पीछे जिले के सभी थानों पर नियुक्त पीआरवी कर्मियों की तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा को श्रेय दिया जा रहा है, जिन्होंने प्राप्त शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इस सफलता के लिए समस्त पुलिस बल को बधाई दी और कहा कि इटावा पुलिस नागरिकों को सुरक्षित एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार पुलिसिंग के उच्च मानकों को बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।
इटावा पुलिस की इस उपलब्धि से जिलेवासियों में भी हर्ष का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।



