
मुख्यमंत्री आज आयेंगे रीवा
गंगेव में महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन में होंगे शामिल
रीवा विशाल समाचार. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 4 जून को रीवा जिले के मनगवां विधानसभा क्षेत्र के गंगेव आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव रीवा के गंगेव में आयोजित महिला स्वसहायता समूह के सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव सुबह 11.55 बजे भोपाल से वायुयान से प्रस्थान कर दोपहर 12.30 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री जबलपुर से हेलीकाप्टर द्वारा दोपहर 12.35 बजे प्रस्थान कर 1.30 बजे उमरिया जिले के पाली पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे पाली से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर दोपहर बाद 3.45 बजे हेलीपैड गंगेव पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री गंगेव स्टेडियम में आयोजित विशाल महिला स्वसहायता समूह सशक्तिकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विद्युत चलित शैलाचाक से निर्मित मिट्टी के बर्तनों का अवलोकन एवं वितरण कर हितग्राहियों से चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में अतिथियों के स्वागत के बाद मनगवां विधायक श्री नरेन्द्र प्रजापति स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके बाद सांसद श्री जनार्दन मिश्र का उद्बोधन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री और रीवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल का उद्बोधन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आजीविका उन्नयन के द्वारा आर्थिक रूप सशक्त हुई स्वसहायता समूहों की महिलाओं से संवाद करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में इसके बाद मुख्यमंत्री हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन से होगा।

