
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए डीएम एवं एसएसपी इटावा ने किया निरीक्षण
इटावा विशाल समाचार संवाददाता
ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर जनपद में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा स्वयं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया गया। दोनों अधिकारियों ने नमाज स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और नमाज को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया।
संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी, ड्रोन और सीसीटीवी से रखी गई नजर
संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। साथ ही ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके। सोशल मीडिया की भी सतत निगरानी की गई ताकि अफवाहों पर नियंत्रण रखा जा सके और शांति व्यवस्था बनी रहे।

भाईचारे एवं सद्भावना के साथ त्योहार मनाने की अपील
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नमाज स्थलों पर उपस्थित अकीदतमंदों को बकरीद की मुबारकबाद दी और आमजन से अपील की कि वे त्योहार को निर्विवाद, भाईचारे एवं सद्भावना पूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने जनपदवासियों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एडीएम इटावा श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

