
समन्वय बैठक में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन हेतु भूमि चिन्हांकन, भरथना बाईपास भूमि अधिग्रहण, पीएम कुसुम सी-2 योजना, पंचायत उत्सव भवन-बारात घर निर्माण, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, ग्रामीण स्टेडियम, सामुदायिक केंद्र आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कुसुम सी-2 योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी महोदय ने कुसुम सी-2 योजना के अंतर्गत वेंडर्स को बुलाकर जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि चिन्हांकन होते ही किसानों के साथ त्वरित एग्रीमेंट कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
सड़क निर्माण एवं गड्ढा भराव पर चर्चा
पीडब्ल्यूडी विभाग के साथ सड़क पर गड्ढा भराव को लेकर गहन चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़कें जल्द दुरुस्त कराई जाएं।
अन्य विभागों के लिए वन विभाग की भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देशित किया कि अन्य विभागों को आवश्यकता अनुसार भूमि उपलब्ध कराई जाए, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण स्टेडियम के लिए भूमि चिन्हांकन
जल जीवन मिशन के अंतर्गत भूमि चिन्हांकन पर चर्चा की गई। युवा कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण स्टेडियम उन्हीं गांवों में बनाए जाएं जहां खेल मैदान की सुविधा नहीं है। स्टेडियम के लिए मेन रोड, समतल जमीन और अधिक आबादी वाले स्थानों का चयन किया जाए।
पंचायत उत्सव भवन निर्माण हेतु दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत उत्सव भवन बड़े आबादी वाले गांवों में बनाए जाएं, जहां शादी-विवाह के लिए कोई अन्य विकल्प न हो और आस-पास बाजार की सुविधा न हो। भवन का स्थान नगर पालिका क्षेत्र से बाहर होना चाहिए।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय एवं सामुदायिक केंद्र
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए स्टेडियम के निकट भूमि चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक केंद्र के लिए 4 स्थानों पर भूमि चिन्हांकन पूर्ण हो चुका है, शेष 2 स्थानों के लिए प्रक्रिया जारी है।
बैठक में अधिकारीगण रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, परियोजना अधिकारी विजय शंकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

