इटावाअपराध

इटावा में भ्रष्टाचार की जांच के बाद पहले निदेशक का तबादला, अब निरीक्षक हिमांशु यादव पर गिरी गाज

इटावा के मत्स्य निरीक्षक हिमांशु यादव निलंबित, समीक्षा बैठक में गैरहाजिरी बनी कार्रवाई की वजह

इटावा में भ्रष्टाचार की जांच के बाद पहले निदेशक का तबादला, अब निरीक्षक हिमांशु यादव पर गिरी गाज

इटावा/कानपुर, डीएस तोमर

कानपुर में आयोजित मत्स्य और दुग्ध विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में गैरहाजिर रहने पर इटावा जिले के मत्स्य निरीक्षक हिमांशु यादव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रदेश के प्रमुख सचिव (पशुपालन) अमित कुमार घोष द्वारा की गई है। हालांकि, निलंबन की आधिकारिक सूचना अभी तक संबंधित अधिकारी को प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी दे दी गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को कानपुर के सर्किट हाउस में अपराह्न 3:30 बजे प्रमुख सचिव अमित कुमार घोष की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में इटावा कार्यालय से केवल प्रभारी डिप्टी डायरेक्टर (डीडी) उपस्थित रहे, जबकि निरीक्षक हिमांशु यादव की अनुपस्थिति संज्ञान में आई।

 

हिमांशु यादव ने अपनी सफाई में कहा, “मुझे मंगलवार दोपहर 1 बजे सूचना मिली कि 3 बजे कानपुर में बैठक है। लेकिन इटावा कार्यालय में सिर्फ तीन कर्मचारी हैं और मैं कार्यालय छोड़कर नहीं जा सका। मैंने तत्काल अपने डीडी को इस स्थिति की जानकारी दे दी थी। हमारे डीडी बैठक में मौजूद भी थे। फिर भी यदि मेरे खिलाफ कार्रवाई की गई है, तो मैं उस पर आधिकारिक पत्र मिलने के बाद ही जवाब दे सकूंगा।”

 

भ्रष्टाचार के आरोपों पर हो रही कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि मत्स्य विभाग, इटावा में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर ‘विशाल समाचार’ चैनल ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर को पशुधन एवं मत्स्य विकास मंत्री संजय निषाद ने संज्ञान में लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद निदेशक गायत्री पांडेय का तबादला कर दिया गया।

 

अब जांच की प्रक्रिया के दौरान मत्स्य निरीक्षक हिमांशु यादव पर भी गाज गिर गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह निलंबन केवल बैठक में अनुपस्थित रहने को लेकर नहीं, बल्कि पूर्व में उजागर हुए भ्रष्टाचार के आरोपों के मद्देनज़र लिया गया संभावित अनुशासनात्मक कदम भी माना जा रहा है।

 

जांच के घेरे में अन्य अधिकारी भी

सूत्रों का मानना है कि विभागीय जांच में अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। आने वाले दिनों में इस संबंध में और भी विभागीय कार्रवाई हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button