ईगल नाशिक टायटन्स का पलड़ा रायगड रॉयल्स पर भारी, अपराजित अभियान जारी रखने की तैयारी
पुणे,अदानी महाराष्ट्र प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2025 में 12 जून को रायगड रॉयल्स और ईगल नाशिक टायटन्स आमने-सामने होंगे। नाशिक टायटन्स अब तक टूर्नामेंट की इकलौती अपराजित टीम है, जिसने चारों मैच जीतकर 8 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं रायगड रॉयल्स ने तीन मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है और दो बड़े अंतर से हार के बाद अंकतालिका में सबसे नीचे है।
रायगड रॉयल्स के पास सिद्धेश वीर, दिग्विजय पाटील, विकी ओस्तवाल और हितेश वाळुंज जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन कप्तान ऋषभ राठोड को टीम के प्रदर्शन में सुधार लाना होगा। पिछले दो मैचों में रत्नागिरी जेट्स (67 रन) और पुणेरी बाप्पा (99 रन) के खिलाफ टीम को करारी हार मिली थी।
ईगल नाशिक टायटन्स की गेंदबाजी में आईपीएल स्टार मुकेश चौधरी, मनोज इंगळे, अर्शिन कुलकर्णी, कप्तान प्रशांत सोळंकी और अक्षय वाईकर जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। बल्लेबाजी में भी मंदार भंडारी, अर्शिन कुलकर्णी, रोहन दामले और रणजित निकम ने अहम योगदान दिया है। टीम के संतुलित खेल के चलते इस मुकाबले में ईगल नाशिक टायटन्स का पलड़ा रायगड रॉयल्स पर भारी माना जा रहा है।


