
वारकरी सेवाभावी उपक्रम में ‘३२ स्माईल्स डेंटल क्लिनिक’ की पहल सराहनीय – गोपालदादा तिवारी
“दांत हैं शरीर-स्वास्थ्य का प्रवेशद्वार, इनके स्वास्थ्य से ही संपूर्ण शरीर का स्वास्थ्य जुड़ा है” – गोपालदादा तिवारी
पुणे: संत ज्ञानेश्वर महाराज व जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज की पालखियों के पुणे आगमन के अवसर पर, वारकरी सेवा के लिए जहां सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संस्थाएं आगे आ रही हैं, वहीं पुणे के चिकित्सक वर्ग की भागीदारी भी शहर की सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इसी क्रम में जे.एम. रोड स्थित ‘32 स्माईल्स डेंटल क्लिनिक’ द्वारा आयोजित दंत चिकित्सा व कैंसर जांच शिविर को एक आदर्श उदाहरण बताते हुए राजीव गांधी स्मारक समिति के अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपालदादा तिवारी ने कहा कि दांत केवल भोजन चबाने के नहीं, बल्कि पूरे शरीर के स्वास्थ्य का प्रवेशद्वार हैं।
इस शिविर में लगभग 500 लोगों ने दंत जांच, चिकित्सा व दवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में डॉ. मिलिंद दर्डा (संचालक, 32 स्माईल्स), अॅड. फैयाज शेख (संचालक, लॉयर्स सोसायटी) के साथ डॉ. प्रियांका राठी, डॉ. नैंसी महाजन, डॉ. नीलू व्यास, डॉ. भाव्या जैन, डॉ. घोष व ईशा राधा सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहे।

गोपालदादा तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि आधुनिक भागदौड़ भरे जीवन में नियमित रूप से डेंटिस्ट से दांतों की सफाई करवाना एक अच्छी आदत है, जो न केवल मुंह बल्कि पूरे शरीर के स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है।
उन्होंने 32 स्माईल्स की पूरी टीम को इस सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और अन्य चिकित्सा व्यवसायियों से भी ऐसे पुण्य कार्यों में सहभागी बनने का आवाहन किया।


