
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की जिलाधिकारी द्वारा सतत निगरानी
ब्यूरो विशाल समाचार सीतामढ़ी
सीतामढ़ी: अहर्ता तिथि 01 जुलाई 2025 के आधार पर सीतामढ़ी जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2025 की लगातार निगरानी जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिलाधिकारी द्वारा की जा रही है। उनके निर्देशानुसार सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड विजिट कर रहे हैं तथा डोर-टू-डोर सर्वेक्षण के माध्यम से गणना प्रपत्र प्रारूप का वितरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों—प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं नगर पंचायत/नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों—के साथ पुनरीक्षण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। बीएलओ, जीविका दीदी, विकास मित्र समेत अन्य स्टेकहोल्डर भी सक्रिय रूप से इस कार्य में भाग ले रहे हैं।
इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हों, जिससे वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो और मतदाता सूची का संशोधन कार्य पूरी तरह पारदर्शी ढंग से हो।



