
इटावा पुलिस की बड़ी सफलता: अवैध असलहों के साथ तीन कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
इटावा, ब्यूरो विशाल समाचार
इटावा जनपद में अपराध नियंत्रण व असलहा तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इटावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी, सर्विलांस सेल, थाना इकदिल और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम कछपुरा में छापेमारी कर तीन कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो देशी अधिया बंदूक, दो तमंचा (315 बोर), तेरह जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में अभियुक्त असलहों का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार किए गए तीनों युवक—शिवम कुशवाहा, विकास कुशवाहा और विशाल कुशवाहा—पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तारी के बाद थाना इकदिल में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम माना जा रहा है।


