
प्राकृतिक आपदा के प्रकरणों में राहत राशि का शीघ्र भुगतान करें – कलेक्टर मऊगंज
ब्यूरो विशाल समाचार रीवा
मऊगंज : कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सीएम हेल्प लाइन प्रकरणों के साथ ही समय सीमा के पत्रों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सभी विभाग ए ग्रेड में होना सुनिश्चित करें। शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर बंद करायें। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का तत्परता से निराकरण करें। सीएम डैशबोर्ड की शिकायतों को निराकरण करायें ताकि रैंकिंग में सुधार हो। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण कर विभागीय रैंकिंग में सुधार के निर्देश अधिकारियों को दिये।
बैठक में कलेक्टर ने ईकेवायसी के लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी ई आफिस के माध्यम से ही फाइलें कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राकृतिक आपदा के प्रकरणों में राहत राशि का पीड़ितों को शीघ्र भुगतान करें। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान अन्तर्गत वृक्षारोपण की प्रतिदिवस की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि श्रवण मास में देवतालाब में मेला संचालित हो रहा है वहां सभी व्यवस्थायें पुख्ता रहे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रहे। बैठक में कलेक्टर ने कृषि आदान, वर्षा जनित रोगों से बचाव और उपचार की व्यवस्था, पीएम किसान विधि तथा जलप्रपातों में सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन स्थानों में वर्षा का जल भराव हुआ है वहां क्लोरीन पावडर का छिड़काव करायें। बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ नगर परिषद एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

